टीवी का बहुत पॉपुलर सिंगिंग शो 'इंडियन आइडल 16' खत्म हो गया है। ओडिशा की रहने वाली ज्योतिर्मयी नायक इस शो की विनर बन गई हैं। उनको शो की ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये का नकद इनाम मिला है। इस जीत से उन्होंने इतिहास रच दिया है, वह 'इंडियन आइडल' जीतने वाली पहली ओडिया लड़की हैं। जीतने के बाद ज्योतिर्मयी बहुत भावुक हो गई। उन्होंने अपनी इस जीत का पूरा श्रेय उन कैंसर के मरीजों को दिया जिनको उन्होंने अपने संगीत से ठीक किया था।
इस साल शो की थीम 'यादों की प्लेलिस्ट' थी जिसे दर्शकों ने बहुत पसंद किया। यह शो इतना ज्यादा पॉपुलर हुआ कि इसको दो बार तीन-तीन महीने का और समय मिला जिससे यह पूरा सफर लगभग 10 महीने तक चला। इस सीजन को श्रेया घोषाल, विशाल ददलानी और बादशाह ने जज किया। हालांकि, विशाल ददलानी शो के आखिरी दिन यानी ग्रैंड फिनाले में नहीं आ पाए थे।
यह भी पढ़ें: दर्शकों को खराब क्यों लगी 'मुसाफिर कैफे', कहांं चूके विक्रांत मेसी?
ग्रैंड फिनाले के मेहमान कौन रहे?
शो के ग्रैंड फिनाले में बहुत बड़े कलाकार आए थे। इनमें कुमार सानू, ऊषा उत्थुप, शहनाज गिल और उर्मिला मातोंडकर शामिल थे। इस शो के आखिरी छह लोग सुहैल सूफी, अंशिका चोंकर, मनराज वीर सिंह, मायसिमे बोसु, ज्योतिर्मयी नायक और तनिष्क शुक्ला थे। इनमें से मायसिमे बोसु सबसे पहले बाहर हो गए थे। जबलपुर के रहने वाले तनिष्क शुक्ला इस शो के रनर-अप रहे। नियम के मुताबिक, पहले और दूसरे रनर-अप को 5-5 लाख रुपये मिले और दूसरे-तीसरे रनर-अप को 3-3 लाख रुपये का इनाम दिया गया।
सफर की अच्छी और मुश्किल बातें क्या थीं?
ज्योतिर्मयी ने अपने 10 महीने के सफर के बारे में बताया कि वह 14 सितंबर को मुंबई आई थीं और उनका यह पूरा समय बहुत यादगार रहा। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी यह नहीं सोचा था कि वह इतने सारे पैसे जीतेंगी। उनका ध्यान सिर्फ अच्छा गाना गाने और सबकी तारीफ पाने पर था। उन्होंने बताया कि सबसे अच्छा समय वह था जब उनको बड़े और मशहूर गानों पर गाने का मौका मिला। वहीं, सबसे बुरा समय वह तब था जब कम वोट मिलने की वजह से वह बाहर होने की स्थिति में सबसे नीचे आ गई थीं मगर लोगों के वोटों और अपनी कड़ी मेहनत के जरिए उन्होंने फिर से अपनी जगह वापस पा ली ।
यह भी पढ़ें: 'आपकी तबीयत कैसी है...', सेहत पर उठ रहे थे सवाल, अचानक सलमान खान ने क्यों पूछा?
कौन हैं ज्योतिर्मयी?
गायक होने के साथ-साथ ज्योतिर्मयी एक म्यूजिक थेरेपिस्ट भी हैं। उन्होंने अपनी आवाज और संगीत से लोगों की बीमारी ठीक करने का काम किया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अभी यह नहीं सोचा है कि वह इन 20 लाख रुपयों का क्या करेंगी उन्होंने जीतने की उम्मीद नहीं की थी। अब उनका सबसे बड़ा सपना यह है कि उनको बॉलीवुड फिल्मों में गाने का मौका मिले।