थाईलैंड के फुकेत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की हार्ड लैंडिंग के बाद रनवे को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है। घटना के कारण विमान के लैंडिंग गियर को नुकसान पहुंचा है। कुछ समय के लिए हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। हैदराबाद से फुकेत जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट AXB938 ने 11 मार्च को फुकेत एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान तकनीकी समस्या का सामना पड़ा है। यह विमान बोइंग 737 मैक्स 8 था जिसका पंजीकरण VT-BWQ बताया गया है।
जांच में सामने आया कि लैंडिंग के दौरान विमान के नोज व्हील (आगे का पहिया) में खराबी आ गई थी। माना जा रहा है कि हार्ड लैंडिंग के कारण विमान का एक पहिया अलग हो गया है, जिससे नोज लैंडिंग गियर को नुकसान पहुंचा है। इस वजह से विमान को तुरंत रनवे से हटाना संभव नहीं हो सका है।
यह भी पढ़ें: US में बीवी की हत्या करके हुआ फरार, FBI भी नहीं पकड़ पाई, अब 9 करोड़ का इनाम
नोज व्हील में तकनीकी खराबी
विमान में उस समय 131 यात्री, 2 शिशु और 7 क्रू सदस्य सवार थे। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतारकर वेटिंग रूम में भेज दिया गया है। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि हैदराबाद-फुकेत उड़ान को फुकेत एयरपोर्ट पर नोज व्हील से जुड़ी तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा है।
क्रू ने सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया और यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार दिया गया है । एयरलाइन ने यात्रियों, एयरपोर्ट प्रशासन और अन्य एजेंसियों के सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया।
यह भी पढ़ें: दुबई एयरपोर्ट पर दो ड्रोन से हमला, एक भारतीय समेत चार लोग घायल
हार्ड लैंडिंग के बाद रनवे बंद
घटना के बाद फुकेत अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे ने दोपहर 12 बजकर 8 मिनट से शाम 6 बजे तक रनवे बंद रखने के लिए नोटिस टू एयरमेन (NOTAM) जारी किया है। इस दौरान आने वाली कई उड़ानों को आसपास के हवाई क्षेत्र में होल्ड पर रखा गया है जबकि कुछ उड़ानों को अल्टरनेट एयरपोर्ट्स की ओर डायवर्ट किया गया है।
एयरपोर्ट प्रशासन ने विमान को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सुरक्षा मानकों के तहत जांच के बाद ही हवाईअड्डे पर सामान्य संचालन बहाल करने की तैयारी की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, विमान को हटाने और सुरक्षा जांच पूरी करने में करीब छह घंटे लगने का अनुमान लगाया गया था।