पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर बड़ा हमला हुआ है। मस्तुंग जिले के कनक इलाके में गुरुवार, 12 नवंबर को पाकिस्तानी सेना के एक सैन्य कैंप को निशाना बनाया गया। प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि इसमें पाकिस्तानी सेना के कम से कम 18 जवान मारे गए हैं। संगठन के मुताबिक, यह हमला आत्मघाती विस्फोट के जरिए किया गया था।
BLA के अनुसार, उसकी आत्मघाती यूनिट मजीद ब्रिगेड ने विस्फोटकों से भरे वाहन को पाकिस्तानी सेना के कैंप से टकरा दिया। इसके बाद हुए भीषण धमाके में कैंप और आसपास की सुरक्षा चौकियों को भारी नुकसान पहुंचा। संगठन का दावा है कि विस्फोट के बाद उसके फतेह स्क्वाड के लड़ाके कैंप के अंदर दाखिल हुए और धमाके में बच गए सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया। इसके अलावा पास की एक सुरक्षा चौकी को भी निशाना बनाया गया।
यह भी पढ़ें: 60 सीटों पर पल्लवी की तैयारी, मां ने भी मांगा टिकट; अखिलेश कैसे साधेंगे गठबंधन?
कौन था आत्मघाती हमलावर?
BLA ने आत्मघाती हमलावर की पहचान उसामा शाहवानी उर्फ वद्दूद के रूप में की है। संगठन के मुताबिक, वह मस्तुंग जिले के खड़कोचा इलाके का रहने वाला था और 2022 में संगठन में शामिल हुआ था। बाद में 2024 में उसे मजीद ब्रिगेड का सदस्य बनाया गया। BLA ने हमले से जुड़ा एक वीडियो भी जारी किया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने किया अलग दावा
इस हमले को लेकर पाकिस्तानी पुलिस और BLA के दावों में बड़ा अंतर है। बलूचिस्तान पुलिस के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने हमले को नाकाम कर दिया और जवाबी कार्रवाई में तीन हमलावर मारे गए। पुलिस ने दो नागरिकों की मौत और कई लोगों के घायल होने की जानकारी दी है। वहीं, BLA ने 18 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है। फिलहाल सैनिकों की मौत के इस आंकड़े की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: असम के काजीरंगा में ट्रक और मिनी बस की टक्कर, 24 लोगों की मौत, कई घायल
निवेशकों को दी चेतावनी
हमले के बाद BLA ने पाकिस्तान में खनिज परियोजनाओं में निवेश करने वाली विदेशी कंपनियों और निवेशकों को भी चेतावनी दी है। संगठन ने पाकिस्तान मिनरल्स इन्वेस्टमेंट फोरम 2026 में शामिल होने वाली कंपनियों को बलूचिस्तान में निवेश से दूर रहने की धमकी दी है। उसका आरोप है कि प्रांत के सोने, तांबे और अन्य खनिज संसाधनों का इस्तेमाल स्थानीय लोगों की सहमति के बिना किया जा रहा है। इस घटना के बाद पाकिस्तान में एक बार फिर सुरक्षआ को लेकर चिंताएं बढ़ा दी है।