चीन की एक कंपनी द्वारा बनाए गए 'फ्लैश' रोबोट ने बीजिंग हाफ मैराथन में इंसानों का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़कर दुनिया को हैरान कर दिया है। रविवार को हुई इस रेस में इस खास ह्यूमनॉइड रोबोट ने 21 किलोमीटर की दूरी को सिर्फ 50 मिनट 26 सेकंड में पूरा कर लिया। यह समय इंसानों द्वारा बनाए गए अब तक के सबसे बेहतरीन समय से भी काफी कम है, जिसने तकनीक की दुनिया में एक नई मिसाल कायम की है।
इस एडवांस ह्यूमनॉइड रोबोट को चीन की 'शेन्जेन ऑनर स्मार्ट टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड' ने तैयार किया है। रोबोट का नाम 'फ्लैश' रखा गया है, जिसने 2026 बीजिंग ई-टाउन हाफ मैराथन के दौरान अपनी ताकत दिखाई। फ्लैश ने इस प्रतियोगिता की 'ऑटोनॉमस नेविगेशन' श्रेणी में हिस्सा लिया था, जिसका मतलब है कि उसने बिना किसी बाहरी मदद के खुद रास्ता तय करते हुए जीत हासिल की।
यह भी पढ़ें: 'अमीरों की दुनिया में मैं तन्हा थी', एलन मस्क से रिश्ता तोड़ने वाली बेटी का दर्द
जैकब किप्लिमो का रिकॉर्ड
इंसानों द्वारा हाफ मैराथन पूरा करने का विश्व रिकॉर्ड 57 मिनट 20 सेकंड का है। चीनी रोबोट 'फ्लैश' ने इसी दूरी को तय करने में उनसे लगभग 7 मिनट कम का समय लिया। पुरुषों की हाफ मैराथन का मौजूदा विश्व रिकॉर्ड पिछले महीने ही युगांडा के मशहूर धावक जैकब किप्लिमो ने पुर्तगाल की लिस्बन हाफ मैराथन में बनाया था, जिसे अब इस मशीन ने पीछे छोड़ दिया है।
बीजिंग में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में केवल चीन ही नहीं, बल्कि जर्मनी, फ्रांस और ब्राजील जैसे देशों की 100 से ज्यादा टीमों ने हिस्सा लिया था। इन टीमों ने अपने-अपने रोबोट्स के साथ इंसानी धावकों को कड़ी टक्कर दी। यह मुकाबला तकनीक और शारीरिक क्षमता के बीच के संतुलन को देखने के लिए आयोजित किया गया था।
यह भी पढ़ें: टॉयलेट में जोर लगाना पड़ा भारी, महिला भूल गई अपनी 10 साल की बातें
ट्रैक के नियम
इस प्रतियोगिता के नियम काफी साफ थे। नियम के अनुसार रोबोट और इंसान दोनों को 21 किलोमीटर का एक ही रास्ता पार करना था। पर दौड़ के समय कोई हादसा न हो और सबकी सुरक्षा बनी रहे, इसलिए रोबोट के लिए अलग लाइन बनाई गई थी। इससे रोबोट और इंसान बिना एक-दूसरे से टकराए अपनी दौड़ पूरी कर सके।