दक्षिण अमेरिकी का एक देश है कोलंबिया। कोलंबिया में शनिवार को एक बस में भीषण विस्फोट हो गया, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई और 38 लोग घायल हो गए। विस्फोट दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में हुआ। यह विस्फोट बस में सफर कर रहे लोगों को निशाना बनाकर किया गया है। देश के सेना प्रमुख ने इसे आतंकी हमला बताया है।
कोलंबिया सरकार ने बताया कि जहां बस में विस्फोट हुआ है, वह क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा हुआ है। इस क्षेत्र में लगातार हिंसा बढ़ रही है।
यह भी पढ़ें: नशे में कर दी थी पेशाब, दो बार गए थे जेल, काश पटेल पर नए खुलासे से मची सनसनी
हाईवे के ऊपर हुआ हादसा
काउका क्षेत्र के गवर्नर ऑक्टावियो गुजमान ने बताया कि यह विस्फोट काजिबियो नगर पालिका में पैन अमेरिकन हाईवे पर बस के गुजरने के दौरान किया गया। काउका की स्वास्थ्य सचिव कैरोलिना कामार्गो ने बताया कि घायलों में पांच बच्चे भी शामिल हैं।
वहीं, कोलंबिया सशस्त्र बलों के कमांडर जनरल ह्यूगो लोपेज ने एक जानकारी देते हुए कहा कि यह आतंकी कृत्य है। साथ ही इसके लिए इवान मोर्दिस्को नाम के कुख्यात अपराधी के गिरोह और जैमी मार्टिनेज गुट को जिम्मेदार ठहराया।
यह भी पढ़ें: डिनर के दौरान जोरदार गोलीबारी से मचा हड़कंप, बाल-बाल बचे डोनाल्ड ट्रंप
सेना का असंतुष्ट धड़े सक्रिय
दोनों गुट अब भंग हो चुके कोलंबिया के रिवॉल्यूशनरी आर्म्ड फोर्सेज के असंतुष्ट धड़े हैं। ये असंतुष्ट धड़े अब भी इस क्षेत्र में सक्रिय हैं। इन गुटों ने 2016 में सरकार के साथ हुए शांति समझौते को नहीं माना था। कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि कई आदिवासी लोगों समेत निर्दोष नागरिकों को मारने वाले लोग आतंकवादी, फासीवादी और मादक पदार्थ के तस्कर हैं।
यह हाल के दिनों में सार्वजनिक ढांचे को निशाना बनाकर किए गए कई विस्फोटों की कड़ी में ताजा हमला है। पिछले दो दिनों में दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में कम से कम 26 हिंसक घटनाएं हुई हैं।