पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए दुनिया भर के 14 मशहूर क्रिकेटरों ने पाकिस्तान सरकार से अपील की है कि वह पूर्व प्रधानमंत्री और 1992 का विश्व कप जीतने वाले कप्तान इमरान खान के साथ जेल में अच्छा व्यवहार करें। ये क्रिकेटर पांच अलग-अलग देशों से हैं, जिनमें भारत के सुनील गावस्कर और कपिल देव, ऑस्ट्रेलिया के ग्रेग चैपल भी शामिल हैं। इन क्रिकेटर्स ने अपील मंगलवार को की। इमरान खान पिछले दो साल से ज्यादा समय से जेल में हैं। अब तक वह 800 दिनों से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। उनकी सेहत बहुत खराब बताई जा रही है।
उनकी बहन आलिमा खानम ने भी जेल में उनके साथ बुरा व्यवहार किए जाने और सेहत बिगड़ने की बात कही है। कुछ दिन पहले एक कोर्ट के वकील ने दावा किया कि इमरान खान की दाहिनी आंख में सिर्फ 15 प्रतिशत ही रोशनी रह गई है। अधिकारियों ने तीन महीने तक उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया, जिससे उनकी आंख की स्थिति बहुत खराब हो गई। इन 14 कप्तानों ने एक पत्र लिखा है, जिसमें कहा गया है कि इमरान खान क्रिकेट में बहुत बड़े नाम हैं। उन्होंने 1992 में पाकिस्तान को विश्व कप जिताया था।
यह भी पढ़ें: जेल में बंद इमरान खान हो सकते हैं अंधे! चली गई 85% आंखों की रोशनी?
सेहत को लेकर चिंतित
उन्होंने कहा कि उनकी कप्तानी, खेल और नेतृत्व की सब तारीफ करते हैं। कई कप्तान उनके खिलाफ खेले थे या उन्हें अपना आदर्श मानते थे। वह दुनिया के सबसे अच्छे ऑलराउंडर और बेहतरीन कप्तानों में से एक हैं। पत्र में खिलाड़ियों ने लिखा है कि इमरान खान सिर्फ क्रिकेटर ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री भी रहे हैं। वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए थे। राजनीति अलग हो सकती है, लेकिन उन्हें सम्मान मिलना चाहिए।
ये पूर्व क्रिकेटर इमरान की सेहत को लेकर बहुत चिंतित हैं, खासकर आंखों की समस्या को लेकर। उन्होंने कहा कि जेल मेंं उनकी हालत और सेहत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। ये खिलाड़ी चाहते हैं कि इमरान को तुरंत अच्छा इलाज मिले और जिस भी डॉक्टर से वह इलाज करवाना चाहें उससे इलाज करवा सकें।
जेल में सम्मान की मांग
उनकी मांग है कि उन्हें जेल में सम्मान के साथ रखा जाए, उन्हें परिवार से नियमित रूप से मिलने की इजाजत हो और कानूनी प्रक्रिया में कोई देरी या रुकावट न हो। यह अपील खेल भावना और इंसानियत के नाम पर की गई है। इसमें कोई राजनीतिक पक्ष नहीं लिया गया।
यह भी पढ़ें: नाक तोड़ी, जबड़े पर फ्रैक्चर; इमरान के सहयोगी पर क्या ARMY ने कराया हमला?
इमरान खान की पार्टी पीटीआई ने भी पिछले हफ्ते उनकी आंखों की हालत और जेल में बुरे व्यवहार की निंदा की थी। इन क्रिकेटर्स ने अपील पर दस्तखत किए। इन क्रिकेटर्स में सुनील गावस्कर, कपिल देव, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, एलन बॉर्डर, स्टीव वॉ, माइकल एथर्टन, माइकल ब्रियरली, डेविड गावर, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, बेलिंडा क्लार्क और जॉन राइट शामिल हैं।