इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिनों के युद्धविराम पर सहमति बन गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को अपने ट्रुथ सोशल अकाउंट पर यह घोषणा की। उन्होंने लिखा कि अभी-अभी मेरी लेबनान के बेहद सम्मानित राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बेहतरीन बातचीत हुई।
ट्रंप ने आगे लिखा कि दोनों नेताओं ने अपने देशों के बीच शाम पांच बजे से औपचारिक रूप से 10 दिनों के सीजफायर पर सहमति जताई है। मंगलवार को 34 वर्षों में पहली बार इन दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने यहां वाशिंगटन डीसी में हमारे महान विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ मुलाकात की।
यह भी पढ़ें: रूस और ईरान से तेल नहीं खरीद पाएगा भारत, ट्रंप ने दिया बड़ा झटका
ट्रंप ने बताया कि मैंने उपराष्ट्रपति जेडी वैंस और विदेश मंत्री रूबियो को जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन डैन रेजिन केन के साथ मिलकर इजरायल और लेबनान के साथ काम करने का निर्देश दिया है, ताकि एक स्थायी शांति स्थापित की जा सके। दुनिया भर में नौ युद्धों को सुलझाना मेरे लिए एक सम्मान की बात है। यह मेरा 10वां प्रयास होगा तो चलिए इसे पूरा करके दिखाते हैं।
1983 के बाद इजरायल और लेबनान के बीच होगी बैठक
इजरायली मीडिया ने बताया कि पूर्वी मानक समय के मुताबिक युद्धविराम शाम 5 बजे जबकि इजरायली समयानुसार गुरुवार-शुक्रवार रात 12 बजे से लागू होगा। डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि वह प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ औन को व्हाइट हाउस में 1983 के बाद इजरायल और लेबनान के बीच पहली सार्थक वार्ता के लिए आमंत्रित करेंगे। दोनों पक्ष शांति चाहते हैं और मुझे विश्वास है कि ऐसा जल्द ही होगा!
यह भी पढ़ें: ईरान में उलझा अमेरिका, आगे बढ़ा चीन; ड्रैगन की बढ़ी अर्थव्यवस्था
नेतन्याहू ने बुलाई सुरक्षा कैबिनेट की आपात बैठक
युद्धविराम के ऐलान के तुरंत बाद नेतन्याहू ने सुरक्षा कैबिनेट की फोन पर ही आपात बैठक बुलाई। बताया जा रहा है कि युद्धविराम पर मतदान के बिना सीधे मीडिया से जानकारी मिलने पर मंत्रियों ने अपनी नाराजगी जताई।
बता दें कि 28 फरवरी को इजरायल ने अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर इतिहास का सबसे भीषण हमला किया। दो दिन बाद यानी 2 मार्च को हिजबुल्लाह भी जंग में कूद गया। उसने उत्तर इजरायल पर सैकड़ों मिसाइल और रॉकेट से हमला किया। जवाब में इजरायली सेना ने पूरे लेबनान में स्थित हिजबुल्लाह के ठिकानों को तबाह किया।