अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को मंगलवार को तबाही मचाने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि अगर सोमवार तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोला नहीं तो पूरे ईरान में पावर प्लांट और पुलों को निशाना बनाया जाएगा। ऐसी तबाही मचाई जाएगी, जिसे पहले कभी नहीं देखा गया है। अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर ट्रंप ने अपमानजनक भाषा में पोस्ट किया। इससे साफ है कि अमेरिकी राष्ट्रपति ईरानी हमलों से बेहद हताश हो चुके हैं।
ट्रंप ने लिखा, 'ईरान में मंगलवार का दिन पावर प्लांट डे और ब्रिज डे होगा। ये दोनों ही एक साथ होंगे। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ होगा! उस स्ट्रेट को खोल दो। वरना तुम नरक में रहोगे, बस देखते जाओ! अल्लाह से दुआ करो।' बता दें कि ट्रंप ने डील की खातिर ईरान को 48 घंटों का समय दिया है। यह समय सीमा सोमवार को खत्म हो रही है।
यह भी पढ़ें: तो खुल जाएगा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज! ओमान की ईरान के साथ बड़ी बैठक
ईरान के तेल पर कब्जा करने पर विचार
उधर, फॉक्स न्यूज के संवाददाता ट्रे यिंगस्ट से फोन से बातचीत में ट्रंप ने कहा, 'अगर वह (ईरान) जल्दी कोई समझौता नहीं करते हैं तो मैं सब कुछ उड़ा देने और तेल पर कब्जा करने पर विचार कर रहा हूं। आगे यह भी कहा कि पूरे ईरान में पुल और पावर प्लांट गिरते देखेंगे। इस बीच ट्रंप ने उम्मीद जताई कि सोमवार तक कोई डील हो सकती है। कुछ ईरानी अधिकारी बातचीत में लगे हैं।
प्रदर्शनकारियों को अमेरिका ने भेजी थी बंदूकें: ट्रंप
पिछले साल दिसंबर से जनवरी तक ईरान में कई दिनों तक हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए थे। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक इनमें तीन हजार से अधिक लोगों की जान गई। वहीं अमेरिकी संगठनों का दावा है कि वास्तविक मौतें 30 हजार से भी अधिक हैं। अब फॉक्स न्यूज से बातचीत में ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों को बंदूकें भेजने की बात स्वीकार की है। उन्होंने कहा, 'हमने प्रदर्शनकारियों को बहुत सारी बंदूकें भेजीं। मुझे लगता है कि कुर्दों ने उन बंदूकों को ले लिया।'
यह भी पढ़ें: क्या खाड़ी देशों को प्यासा मारने की साजिश? ईरान ने मचा दी बड़ी तबाही
ईरान ने रख दी शर्त
डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों के बावजूद ईरान के इरादों में कोई बदलाव नहीं आया है। रविवार को ईरानी राष्ट्रपति कार्यालय में संचार उप प्रमुख सैयद मेहदी तबताबाई ने एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा है कि ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को तभी खोलेगा जब उसे युद्ध से हुए नुकसान के बदले में मुआवजा मिलेगा। इसका भुगतान पारगमन शुल्क पर आधारित एक नई कानूनी व्यवस्था के तहत किया जाएगा।
मेहदी तबताबाई ने कहा, 'ट्रंप ने आज सुबह जलडमरूमध्य के बंद होने पर ईरान के नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमला करने की धमकी। उन्होंने पूरी तरह से हताशा और गुस्से में आकर अपशब्दों और बकवास का सहारा लिया है।'