अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, भारत पर अपने रुख को लेकर एक बार फिर बेनकाब हुए हैं। उन्होंने रेडियो होस्ट और कंजर्वेटिव विचारधारा से प्रभावित लेखक माइकल सैवेज के एक ऐसे पॉडकास्ट को शेयर किया है, जिस पर हंगामा बरपा है। माइकल सैवेज, जन्म के आधार पर मिलने वाली अमेरिकी नागरिकता पर बोल रहे थे।
माइकल सैवेज ने दावा किया था कि जब महिलाएं 9 महीने की गर्भवती होती हैं तो अमेरिका पहुंचकर स्थानीय कानूनों का फायदा लेती हैं। माइकल सैवेज ने दावा किया कि ये लोग, धरती के नरक वाले हिस्से से आकर अमेरिका में बस जाते हैं।
माइकल सैवेज के बयान के सामने आने के बाद लोग नरेंद्र मोदी सरकार के मंत्रियों, पार्टी और समर्थकों पर बरस पड़े हैं। विपक्ष ने कहा है कि भारत के प्रधानमंत्री अब भी हमेशा की तरह चुप ही रहेंगे या कुछ बोल पाएंगे।
यह भी पढ़ें: 'मोदी जी, आप खाली खी खी करेंगे?...', ट्रंप ने भारत को बताया नरक, भड़का विपक्ष
माइकल सैवेज ने क्या कहा था, जिसे ट्रंप ने शेयर किया?
माइकल सैवेज:-
यहां एक बच्चा तुरंत नागरिक बन जाता है और फिर वे पूरे परिवार को चीन या भारत या दुनिया की किसी और नरक से ले आते हैं। यह देखने के लिए आपको ज्यादा दूर जाने की जरूरत नहीं है. यहा अब अंग्रेजी नहीं बोली जाती।
भारत ने क्या आपत्ति दर्ज कराई है?
गुरुवार देर शाम भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस बयान पर प्रतिक्रिया दी। लोग उनके रुख पर भी सवाल उठा रहे हैं कि आपके देश के ट्रंप, गाली दे रहे हैं और आपकी टिप्पणी एक औपचारिकता से ज्यादा नजर नहीं आती है।
यह भी पढ़ें: 'भारत और चीन नरक', ट्रंप ने पोस्ट शेयर करके घटियापन दिखा दिया
रणधीर जायसवाल, प्रवक्ता, विदेश मंत्रालय:-
हमने वह बयान देका है, बाद में इस पर अमेरिकी दूतावास की प्रतिक्रिया भी देखी। ऐसी टिप्पणियां स्पष्ट रूप से बिना जानकारी के और अनुचित हैं। यह भारत-अमेरिका संबंधों की असलियत को नहीं दर्शाता है। यह लंबे समय से आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित रहे हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने क्या किया था?
डोनाल्ड ट्रंप ने माइकल सैवेज के बयान का ट्रांसक्रिप्ट पोस्ट किया था। माइकल सैवेज ने भारत, चीन और कुछ अन्य देशों को 'हेल होल' करार दिया था। उनका कहना है जन्म से मिलने वाली अमेरिकी नागरिकता गलत है। उन्होंने कहा कि ऐसे देशों से आकर महिलाएं आखिरी महीने में बच्चा पैदा करने आती हैं और बच्चा तुरंत अमेरिकी नागरिक बन जाता है, फिर पूरा परिवार भी आ जाता है।
यह भी पढ़ें: 'ईरान नहीं चाहता होर्मुज बंद हो', ट्रंप ने तगड़ी कमाई का हवाला दिया, अब भड़के
अमेरिकी दूतावास ने क्या सफाई दी है?
डोनाल्ड ट्रंप के इस पोस्ट पर भारत की नाराजगी के बाद अमेरिकी दूतावास ने स्पष्टीकरण जारी किया। दूतावास के प्रवक्ता ने कहा, 'राष्ट्रपति ने कहा है कि भारत एक महान देश है और उसके शीर्ष पर मेरा बहुत अच्छा दोस्त है।'
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में इस मुद्दे पर सीधा जवाब देने से बचते हुए पहले सिर्फ इतना कहा था, 'हमने कुछ रिपोर्ट्स देखी हैं। बस इतना ही कहना चाहता हूं।' अब पूरी सफाई आई है।