सीरिया की राजधानी दमिश्क मंगलवार को उस समय धमाकों से दहल उठी, जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपने ऐतिहासिक दौरे पर सीरिया पहुंचे हुए थे। राष्ट्रपति मैक्रों उस समय सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात कर रहे थे। इसी दौरान राजधानी के मध्य इलाके में दो जोरदार विस्फोट हुए, जिनमें कम से कम चार लोग घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि मैक्रों पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी बैठक तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रही।
धमाकों की आवाज राष्ट्रपति भवन के पास स्थित फोर सीजंस होटल के आसपास सुनाई दी, जहां मैक्रों ठहरे हुए हैं। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया और जांच शुरू कर दी गई। सीरियाई प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। शुरुआती जांच में इसे सुनियोजित हमला माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: किस एजेंडे के साथ इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दौरे पर गए PM मोदी?
IED से किए गए धमाके, पुलिसकर्मी भी घायल
सीरियाई सरकारी मीडिया के मुताबिक दोनों विस्फोट इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) यानी देसी बम से किए गए। एक बम कूड़ेदान में रखा गया था, जबकि दूसरा सड़क किनारे खड़ी एक कार में छिपाया गया था। धमाकों में कई पुलिसकर्मी समेत चार लोग घायल हुए हैं। फिलहाल किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल से सबूत जुटाकर मामले की जांच कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: 'नए दुश्मन की तलाश में इजरायल', क्या तुर्की अगला निशाना? बयानबाजी से बढ़ी टेंशन
धमाकों के बाद घटनास्थल से धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया। यह इलाका दमिश्क के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शामिल है, जहां पर्यटन मंत्रालय का मुख्यालय और राष्ट्रीय संग्रहालय भी मौजूद हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक वैन और मोटरसाइकिल आग की लपटों में घिरी नजर आ रही है, जबकि सड़क पर खून के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अब तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
मैक्रों के दौरे के बीच सुरक्षा पर उठे सवाल
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब कुछ दिन पहले ही दमिश्क के एक कैफे में हुए विस्फोट में 10 लोगों की मौत और 20 से अधिक लोग घायल हुए थे। ऐसे में ताजा धमाकों ने सीरिया की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें: खामेनेई के जनाज़े में 3 बेटे पहुंचे, मोजतबा गायब; कौन-क्या करता है?
इमैनुएल मैक्रों, राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के सत्ता संभालने के बाद सीरिया का दौरा करने वाले पहले बड़े पश्चिमी नेता हैं। उन्होंने यूरोप और अमेरिका से सीरिया पर लगे अधिकांश प्रतिबंध हटाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके साथ एक आर्थिक प्रतिनिधिमंडल भी सीरिया पहुंचा है, जहां दोनों देशों के बीच कई समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। गृहयुद्ध से तबाह सीरिया विदेशी निवेश के जरिए देश के पुनर्निर्माण की कोशिश कर रहा है लेकिन मैक्रों की यात्रा के दौरान हुए इन धमाकों ने सरकार के सामने नई सुरक्षा चुनौती खड़ी कर दी है।