logo

ट्रेंडिंग:

माल्या-ललित मोदी के 'हम सबसे बड़े भगोड़े' वाले वीडियो पर भारत ने क्या कहा?

ललित मोदी और विजय माल्या ने हाल ही में 'हम सबसे बड़े भगोड़े' वाला एक वीडियो जारी किया था। इस पर अब विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया आ गई है।

lalit modi vijay mallya

ललित मोदी, पिंकी लालवानी और विजय माल्या। (Photo Credit: Social Media)

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

भारत में अपराध कर ब्रिटेन में जाकर बसे ललित मोदी और विजय माल्या का एक वीडियो सामने आया था। यह वीडियो ललित मोदी ने बनाया था, जिसमें उनके साथ विजय माल्या भी थे। इस वीडियो में वह भारत पर तंज कसते हुए कह रहे थे 'हम भारत के सबसे बड़े भगोड़े' हैं। अब इस पर भारत के विदेश मंत्रालय का जवाब आ गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत पूरी तरह से प्रतिबद्ध है कि देश में भगोड़े और वांटेड लोग यहां वापस आकर मुकदमे का सामना करें।

 

एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत कई देशों के साथ बातचीत कर रहा है और ऐसे लोगों को वापस लाने के लिए प्रक्रियाएं जारी हैं। हालांकि, ऐसे मामलों में कई सारी कानूनी पेचीदगियां भी हैं।

 

उन्होंने कहा, 'हम पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं कि जो लोग भगोड़े हैं और भारत में वांटेड हैं, वे देश लौट आएं। इसके लिए, हम कई सरकारों के साथ बातचीत कर रहे हैं और प्रक्रियाएं जारी हैं।'

 

यह भी पढ़ें-- दो राष्ट्रपति मिलते हैं तो क्या होती है बातचीत? अमेरिका ने कर दिया 'खुलासा'

लोग डरकर भाग जाते हैं: विदेश मंत्रालय

रणधीर जायसवाल ने कहा, 'इसमें कानूनी पेचीदगियों की कई परतें शामिल हैं, लेकिन हम उन्हें देश वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं ताकि वे यहां की अदालतों के सामने मुकदमे का सामना कर सकें।'

 

उन्होंने कहा, 'कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोग डर के मारे देश से भाग जाते हैं।' उन्होंने 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के मुख्य आरोपी तहव्वुर राणा का जिक्र करते हुए कहा कि 'आजकल आतंकवादियों को भी प्रत्यर्पित किया जा सकता है।'

 

 

उन्होंने कहा, 'किसी ने नहीं सोचा होगा कि आतंकवादियों को भी प्रत्यर्पित किया जा सकता है, लेकिन उनमें से एक को वापस लाया गया।'

 

यह भी पढ़ें-- Swiggy हो या PhonePe, हजारों करोड़ का है घाटा, ये कंपनियां बंद क्यों नहीं होतीं?

माल्या की बर्थडे पार्टी में बनाया था वीडियो

माल्या ने 18 दिसंबर को ही अपना 70वां जन्मदिन मनाया है। ललित मोदी और विजय माल्या का जो वीडियो सामने आया था, वह इसी बर्थडे पार्टी का था।

 

लंदन में विजय माल्या की बर्थडे पार्टी में बनाए गए इस वीडियो में ललित मोदी कहते हैं, 'हम दो भगोड़े हैं, भारत के सबसे बड़े भगोड़े।'

 

 

इस वीडियो को पोस्ट करते हुए ललित मोदी ने कैप्शन में लिखा, 'मुझे इंटरनेट पर फिर से ऐसा करने दो जिससे हंगामा मच जाए। आप लोगों के लिए कुछ। जलन से अपना दिल जलाओ।'

 

 

वीडियो में विजय माल्या अपनी पार्टनर पिंकी लालवानी के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। ललित मोदी का यह वीडियो उस पोस्ट के बाद आया है, जिसमें सेंट्रल लंदन में उनके घर पर प्री-बर्थडे पार्टी की झलकियां दिखाई गई थीं।

 

यह भी पढ़ें-- क्या हैं SEBI के नियम जिनके चलते नप गए नसीरुद्दीन अंसारी? समझिए पूरा मामला

भगोड़े अपराधी हैं माल्या और मोदी

ललित मोदी और विजय माल्या दोनों पर भारत में वित्तीय धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर केस चल रहा है। दोनों को भगोड़ा घोषित किया जा चुका है। हालांकि, दोनों ही अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारते रहे हैं।

 

विजय माल्या 2016 से ब्रिटेन में रह रहे हैं। उन्होंने वहां की हाई कोर्ट में दो याचिकाएं दायर की हैं, जिसमें एक उस आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें उन्हें भगोड़ा घोषित किया गया है। माना जाता है कि विजय माल्या फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। माल्या के खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्यवाही अभी शुरुआती स्टेज में है।

 

विजय माल्या को जनवरी 2019 में मनी लॉन्ड्रिंग कानून के तहत भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया था। मार्च 2016 में वह भारत छोड़कर चले गए थे।

 

हाल ही में बॉम्बे हाई कोर्ट ने विजय माल्या को भारत लौटने की चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर वह वापस नहीं आते हैं तो अदालत भगोड़ा आर्थिक अपराधी कानून को चुनौती देने वाली उनकी याचिका पर सुनवाई नहीं करेगी।

 

वहीं, ललित मोदी 2010 में टैक्स चोरी, मनी लॉन्ड्रिंग और IPL से जुड़े प्रॉक्सी ओनरशिप से जुड़े आरोपों के बीच भारत छोड़कर चले गए थे। ED का दावा है कि ललित मोदी ने 2009 में IPL के ब्रॉडकास्ट राइट्स देने की प्रक्रिया में हेराफेरी की थी और इसके बदले में कथित तौर पर 125 करोड़ रुपये की रिश्वत ली थी।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap