कैसे बना Grokipedia? एलन मस्क और Wikipedia की लड़ाई की पूरी कहानी
एलन मस्क और विकिपीडिया के बीच विवाद सिर्फ एक शब्द से शुरू हुआ। पिछले कुछ वर्षों में इतना बढ़ गया कि 27 अक्टूबर को एलन मस्क ने विकिपीडिया के जवाब में अपना खुद का एक प्लेटफॉर्म लॉन्च कर दिया। झगड़े की पूरी कहानी बेहद दिलचस्प है।

एलन मस्क और विकिपीडिया विवाद। (AI generated image)
दुनिया के जाने माने अरबपति एलन मस्क ने सोमवार को अपना विश्वकोश ग्रोकिपीडिया लॉन्च किया। इसका नाम विकिपीडिया की तर्ज पर रखा गया। काम भी लगभग विकिपीडिया जैसा है। मगर विकिपीडिया पर जानकारी लिखने वाले मानव कंट्रीब्यूटर्स हैं, जबकि ग्रोकिपीडिया पर करीब 8,85,27,980 अर्टिकल हैं। इन सभी को अर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) ने लिखा है। 25 साल में यह पहली बार है, जब कोई इतना बड़ा प्लेटफॉर्म विकिपीडिया के साम्राज्य को चुनौती देने खड़ा हुआ है। ग्रोकिपीडिया के बनने की कहानी दिलचस्प है। कैसे एक शब्द ने एलन मस्क को इतना नाराज कर दिया कि उन्होंने विकिपीडिया के खिलाफ मोर्चा ही खोल दिया। आज जानते हैं एलन मस्क और विकिपीडिया के बीच अदावत की पूरी कहानी।
विकिपीडिया और एलन मस्क के बीच अदावत की शुरुआत करीब सात साल पहले हुई। 23 दिसंबर, दिन रविवार और साल 2019। दोपहर को एलन मस्क ने एक ट्वीट किया। इसमें लिखा कि मैंने साल में पहली बार अपना विकी देखा। यह कमाल का है! दरअसल, एलन मस्क के विकिपीडिया पेज पर उन्हें टेक्नोलॉजी इंजीनियर, उद्यमी और निवेशक बताया गया था। एलन मस्क ने 'निवेशक' शब्द पर आपत्ति जताई। उन्होंने आगे लिखा- 'क्या कोई 'निवेशक' हटा सकता है? मैं तो बिल्कुल भी निवेश नहीं करता।'
यह भी पढ़ें: तारीफ करते-करते पीएम मोदी को 'किलर' क्यों बता गए डोनाल्ड ट्रंप?
निवेशक शब्द से शुरू हुई रार
एलन मस्क के ट्वीट के करीब 5 घंटे बाद उनके प्रोफाइल से निवेशक शब्द हटा दिया गया। 10 मिनट बाद एक अन्य यूजर्स ने दोबारा जोड़ दिया। रात साढ़े आठ बजे एक अन्य यूजर्स ने निवेशक की जगह 'बिजनेस मैग्नेट' शब्द लिख दिया। इसके बाद एलन मस्क ने लिखा. 'मेरा विकिपीडिया पेज युद्ध क्षेत्र बन गया है। अनगिनत संपादक है।' दअसल, एलन मस्क को निवेशक शब्द पसंद नहीं है। इसकी भी एक वजह है। आगे आपको पूरी कहानी समझ में आ जाएगी।
विकिपीडिया ने कहां से लिखा निवेशक शब्द?
विकिपीडिया मेनस्ट्रीम मीडिया पर प्रकाशित खबरों के हवाले से अपने पेज पर जानकारी देता है। एलन मस्क के मामले में भी उसने यही तरीका अपनाया। उसने वॉल स्ट्रीट जर्नल से हिंदुस्तान टाइम्स तक में प्रकाशित तमाम मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर मस्क को 'निवेशक' बताया। खास बात यह है कि एलन मस्क खुद ही डीमाइंड में निवेश करने की बात खुलकर कई बार कह चुके हैं, लेकिन विकिपीडिया पर लिखा निवेशक शब्द उन्हें चुभ गया।
जब टेस्ला के संस्थापक नहीं कहने पर भड़के मस्क
अप्रैल 2020 में ग्रोथस्कूल के सीईओ और संस्थापक वैभव सिसिंटी ने ट्विटर पर एक पोस्ट लिखा। इसमें उन्होंने कहा कि एलन मस्क टेस्ला के संस्थापक नहीं हैं। उन्होंने सिर्फ इसे खरीदा है। इस बात से एलन मस्क भड़क उठे। उन्होंने जवाब में लिखा कि जब 2004 में टेस्ला को फंड किया तब टेस्ला एक शेल कॉर्प थी। उसके पास न कोई कर्मचारी था, न कोई आईपी, न कोई डिजाइन और न ही कोई प्रोटोटाइप। यहां तक कि 'टेस्ला मोटर्स' नाम भी दूसरों के पास था।
एलन मस्क यही नहीं रुके। उन्होंने अगले ट्वीट पर विकिपीडिया को आड़े हाथों लिया। इसमें लिखा, 'वे कहते हैं कि इतिहास विजेता लिखते हैं, लेकिन विकिपीडिया पर ऐसा नहीं होता, अगर हारने वाला पक्ष अभी जीवित है और उसके पास बहुत समय है तो।' ऐसा माना जाता है कि एलन मस्क ने विकिपीडिया के बहाने अपनी यह भड़ास मार्टिन एबरहार्ड पर निकाली थी। मार्टिन को विकिपीडिया टेस्ला का सह-संस्थापक बताता है। एलन मस्क को विकिपीडिया की यही बात अच्छी नहीं लग रही है।
टेक्नोकिंग शब्द पर भी बढ़ा विवाद
16 अगस्त 2020 को एलन मस्क ने एक और ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लोगों से अपने विकिपीडिया पेज को ट्रैश (Trash) करने की अपील की। एलन मस्क चाहते हैं कि विकिपीडिया उनके बारे में वही लिखे जो वह चाहते हैं। साल 2021 में एलन मस्क ने सीईओ को एक बनावटी पद बताया। उनकी ख्वाहिश थी कि उन्हें टेस्ला का टेक्नोकिंग कहा जाए। 2021 के मार्च महीने में उनकी यह यह ख्वाहिश भी पूरी हो गई। टेस्ला ने आधिकारिक तौर पर मस्क को 'टेक्नोकिंग' बना दिया गया। टेस्ला के फैसले के बावजूद विकिपीडिया ने एलन मस्क के पेज पर टेस्ला सीईओ की जगह 'टेस्ला टेक्नोकिंग' शब्द का इस्तेमाल नहीं किया।
तो सच्चाई एलन मस्क को नहीं आई पसंद
2021 में मस्क ने एक और हमला बोला और लिखा कि मुझे खुशी है कि विकिपीडिया मौजूद है। एलन मस्क की चाहत है कि विकिपीडिया उन्हें टेस्ला का संस्थापक लिखे। निवेशक की जगह टेक्नोकिंग जैसे शब्दों का इस्तेमाल करे, जबकि विकिपीडिया अपने लेख में बताता है कि एलन मस्क शुरुआत से टेस्ला का हिस्सा नहीं है। बाद में इन्होंने कंपनी के बहुसंख्यक शेयर हासिल करके नियंत्रण जमाया है। जवाब में 2022 में एलन मस्क ने कहा कि विकिपीडिया अपनी विश्वसनीयता खो रहा है।
जब ट्विटर पर बैन हुआ विकिपीडिया?
25 अप्रैल 2022 को एलन मस्क ने ट्विटर खरीदने का ऐलान किया। इसके तुरंत बाद किसी ने विकिपीडिया पर एलन मस्क के पेज पर 'ट्विटर का मालिक' लिख दिया। मगर विवाद तब और बढ़ गया जब विकिपीडिया के एक संपादक ने इसे हटा दिया और लिखा कि अभी उनके पास ट्विटर नहीं है। दिसंबर 2022 में एलन मस्क ने ट्विटर पर विकिपीडिया पर बैन लगा दिया। तब एलन मस्क ने कहा था कि विकिपीडिया मेनस्ट्रीम मीडिया से नियंत्रित है।
एलन मस्क के बैन का जवाब विकिपीडिया ने अनोखे अंदाज में दिया। जिस पेज पर विकिपीडिया डोनेशन की अपील करता है, उस पर उसने लिखा कि विकिपीडिया बिक्री के लिए नहीं है। उस वक्त ट्विटर खरीदने वाले एलन मस्क पर यह एक करारा प्रहार था।
विकिपीडिया डोनेशन के खिलाफ चलाया अभियान
2023 में एलन मस्क ने विकिपीडिया के संपादकों पर पूर्वाग्रह का आरोप लगाया। उन्होंने विकिपीडिया के डोनेशन अभियान का मजाक उड़ाया और कहा कि अगर कंपनी अपना नाम बदलकर डिकिपीडिया करती है तो 1 बिलियन डॉलर की फंडिंग देंगे। एक साल बाद अक्टूबर 2024 में मस्क ने विकिपीडिया को एक बार फिर आड़े हाथों लिया और अपने समर्थकों से विकिपीडिया को दान न देने की अपील की। वोक माइंड वायरस का जिक्र करके विकिपीडिया का 'वोकपीडिया' कहकर मजाक उड़ाया।
यह भी पढ़ें: इजरायल ने गाजा पर फिर किया हमला, नेतन्याहू ने दिया आदेश
कैसे शुरू हुआ ताजा विवाद?
20 जनवरी 2025 को डोनाल्ड ट्रंप ने दूसरी बार अमेरिकी राष्ट्रपति की शपथ ली। उनके मंच पर एलन मस्क भी मौजूद थे। मस्क ने मंच से कुछ ऐसा सैल्यूट किया जो लोगों को पसंद नहीं आया। कुछ ने इसे नाजी सैल्यूट बताया तो किसी ने मस्क की जमकर आलोचना की। मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से विकिपीडिया ने भी एलन मस्क के पेज पर नाजी सैल्यूट का जिक्र कर दिया। बस इसी बात ने मस्क को और भड़का दिया। सितंबर 2025 में एलन मस्क ने विकिपीडिया के जवाब में ग्रोकिपीडिया बनाने का ऐलान किया। करीब एक महीने बाद यह 27 अक्टूबर को लॉन्च किया गया।
एलन मस्क का आरोप है कि विकिपीडिया इतिहास को सही तरीके से नहीं दिखाता है। इसका झुकाव वामपंथी विचारधारा की तरफ है। इस वजह से यह पक्षपाती है। उनका कहना है कि ग्रोकपीडिया विकिपीडिया पर फैले एकतरफा प्रचार को खत्म कर देगा। यह मेनस्ट्रीम मीडिया को सिर्फ अपना सोर्स नहीं मानेगा। उन्होंने दावा किया ग्रोक और ग्रोकिपीडिया का लक्ष्य सत्य है। संपूर्ण सत्य और सत्य के अलावा कुछ नहीं। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि एलन मस्क ग्रोकिपीडिया में इतिहास ठीक वैसा ही लिख रहे हैं, जैसा वह सोचते और मानते हैं। अगर विकिपीडिया पर लेख वामपंथी प्रवृत्ति के हैं तो ग्रोकिपीडिया पर दक्षिणपंथी होंगे।
ग्रोकिपीडिया और विकिपीडिया में अंतर क्या है?
- विकिपीडिया पर 65 मिलियन से अधिक लेख हैं। ग्रोकिपीडिया पर लॉन्च के वक्त 885,000 अर्टिकल थे।
- विकिपीडिया पर मानव लेखक और संपादक होते हैं। ग्रोकिपीडिया पर एआई सबकुछ करता है।
- विकिपीडिया पर कोई भी शख्स अर्टिकल संपादित कर सकता है, लेकिन ग्रोकिपीडिया पर नहीं।
- यूजर्स ग्रोकिपीडिया को लेख जोड़ने, हटाने और संशोधित करने को कह सकते हैं। लेकिन करना न करना उसके हाथ में है।
- विकिपीडिया करीब 25 साल पुरानी वेबसाइट है। ग्रोकिपीडिया इसी साल लॉन्च हुई नवजात है।
- विकिपीडिया की जानकारी मानवीय है। जबकि ग्रोकिपीडिया की एआई निर्मित है।
ग्रोकिपीडिया पर कॉपी-पेस्ट का आरोप
एलन मस्क ने भले ही ग्रोकिपीडिया को विकिपीडिया के जवाब में बनाया हो, लेकिन उनका यह प्लेटफॉर्म विकिपीडिया से कंटेंट चुरा रहा है। कई अर्टिकल के नीचे डिस्क्लेमर लिखा है कि यह सामग्री विकिपीडिया से ली गई है। इस बीच, विकिपीडिया ने अपने प्लेटफॉर्म पर ग्रोकिपीडिया नाम से एक पेज बना दिया है। इसमें लिखा है कि कई लेख विकिपीडिया से लिए गए हैं। कुछ तो हूबहू कॉपी है।
पहली बार विकिपीडिया पर कब बना एलन मस्क का पेज?
विकिपीडिया पर उद्योगपति एलन मस्क का पेज पहली बार साल 2004 में बना था। तब उस पेज पर 100 शब्दों से भी कम में एलन मस्क के बारे में जानकारी दी गई थी। विकिपीडिया पर मौजूद एलन मस्क के वर्तमान पेज को करीब 3,240 विकिपीडिया संपादकों ने मिलकर लिखा है।
क्या है विकिपीडिया?
विकिपीडिया एक मुफ्त ऑनलाइन विश्वकोश है। इसमें दुनियाभर की जानकारी है। कोई भी व्यक्ति विकिपीडिया पर विश्वसनीय संदर्भ के साथ जानकारी जोड़ और हटा सकता है। 15 जनवरी 2001 में इसकी स्थापना हुई। मौजूदा समय में इस प्लेटफॉर्म पर 300 से अधिक भाषाओं में 65 मिलियन से अधिक अर्टिकल्स हैं।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap

