ईरान ने इजरायल समेत मध्य पूर्व के कुल 7 देशों पर एक साथ हमला कर दिया है। अब तक सऊदी अरब, यूएई, कतर, कुवैत, बहरीन, इजरायल और जॉर्डन पर हमले की पुष्टि हो चुकी है। बहरीन में ईरान ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड के 5वें बेड़े को निशाना बनाया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि ईरान का हमला सफल रहा है। एक मिसाइल तेजी से नौसेना बेस से टकराती है। इसके बाद धुएं का गुबाह ऊपर उठता दिख रहा है। उधर, बहरीन ने इस हमले को धोखेबाजी बताया। उसने कहा कि हमलों में उन जगहों को निशाना बनाया गया, जो देश की संप्रभुता और सुरक्षा का खुला उल्लंघन हैं।
सऊदी अरब की राजधानी रियाद पर भी हमला किया गया है। वहीं जॉर्डन ने भी अपने एयरस्पेस पर दो मिसाइलों को मार गिराने का दावा किया है। मध्य पूर्व में सबसे व्यापक हमला ईरान ने यूएई पर किया है। अबू धाबी के अलावा दुबई पर भी मिसाइलें दागीं हैं। यूएई की सरकारी न्यूज एजेंसी ने बताया कि ईरान के हमले में एक नागरिक की मौत हुई है। वहां की सरकार ने इन हमलों को संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन बताया और कहा कि वह बढ़ते तनाव का जवाब देने का पूरा अधिकार रखते हैं।
यह भी पढ़ें: इजरायल-अमेरिका बरसा रहे मिसाइल, कहां छिपे हैं खामेनेई?
कहां-कहां ईरान ने किया हमला?
- कतर में अल-उदीद एयर बेस
- कुवैत में अल-सलेम एयर बेस
- UAE में अल-धफरा एयर बेस
- बहरीन में अमेरिका नौसेना बेस
- सउदी अरब की राजधानी रियाद
खाली जगह पर ईरान ने दागी मिसाइल: राजनीतिक विश्लेषक
जेरूसलम पोस्ट पोस्ट से बातचीत में बहरीन के राजनीतिक विश्लेषक डॉ. अहमद अलखुजै ने बताया कि ईरान ने अमेरिका नौसेना अड्डे के खाली हिस्से को निशाना बनाया है।
इस बीच बहरीन स्थित अमेरिकी दूतावास ने लोगों से घरों पर ही रहने की अपील की। बता दें कि बहरीन में अमेरिकी सेंट्रल कमांड का 5वां बेड़ा तैनात है। डॉ. अहमद अलखुजै का दावा है कि ईरान ने नौसेना अड्डे पर हमला तो किया है लेकिन उसने अपनी प्रतिक्रिया को ठीक वैसे ही सीमित रखा जैसे पिछले साल 12 दिन के युद्ध के दौरान कतर एयरबेस पर हमले के वक्त किया था।
यह भी पढ़ें: UAE से कतर तक, ईरान ने एक साथ 5 देशों पर किया मिसाइल अटैक
इजरायल ने इराक पर भी दागी मिसाइलें
इजरायल ने ईरान के बाद इराक पर हमला किया है। राजधानी बगदाद के पास एयर स्ट्राइक में पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज के मुख्यालय को निशाना बनाया गया है। माना जा रहा है कि इन मिसाइलों को इजरायल से दागा गया है, जिसमें कतैब हिजबुल्लाह के मुख्यालय को निशाने पर लिया गया है। कतैब हिजबुल्लाह एक इराकी मिलिशिया है। इसे ईरान का समर्थक माना जाता है। 2020 में अमेरिका ने एक एयर स्ट्राइक में कतैब हिजबुल्लाह के नेता अबू महदी अल मुहंदिस को आईआरजीसी-कुद्स फोर्स के मुखिया कासिम सुलेमानी के साथ ही मार गिराया था।