अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नोबेल पीस प्राइज की चाहत किसी से छिपी नहीं है। ट्रंप अक्सर दावा करते रहे हैं और अभी भी दावा करते हैं कि नोबेल पीस प्राइज के असली हकदार वही हैं। इन्हीं सबके बीच वेनेजुएला में विपक्ष की नेता मारिया कोरिना मचाडो ने अपना नोबेल प्राइज ट्रंप के साथ शेयर करने की पेशकश की है। मारिया मचाडो को 2025 को पीस प्राइज मिला था।
मारिया मचाडो ने यह पेशकश ऐसे समय की है, जब कुछ ही दिनों में उनकी ट्रंप से मुलाकात होने वाली है। मारिया को लंबे समय तक लोकतंत्र के लिए लड़ने के लिए नोबेल पीस प्राइज से सम्मानित किया गया था।
पिछले हफ्ते अमेरिका ने जब वेनेजुएला में ऑपरेशन चलाकर राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सीलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर लिया था, तो उसके बाद मारिया मचाडो ने ट्रंप का शुक्रिया अदा किया था। उन्होंने कहा था कि वेनेजुएला के लोग ट्रंप का शुक्रिया अदा करते हैं और अब वेनेजुएला की आजादी करीब है।
इसी बीच अब मचाडो ने अपना नोबेल पीस प्राइज ट्रंप के साथ शेयर करने की बात कही है। हालांकि, नोबेल कमेटी ने साफ कर दिया है कि ऐसा नहीं किया जा सकता।
यह भी पढ़ें-- डेल्सी रोड्रिग्ज के दो प्रस्ताव और सीक्रेट मीटिंग, मादुरो के साथ क्या खेल हुआ?
नोबेल कमेटी ने क्या कहा?
मचाडो की पेशकश पर नॉर्वेजियन नोबेल कमेटी ने कहा कि नोबेल पुरस्कार को न तो वापस लिया जा सकता है, न किसी से शेयर किया जा सकता है और न ही किसी दूसरे को ट्रांसफर किया जा सकता है।
नोबेल कमेटी ने बयान जारी कर कहा, 'एक बार पुरस्कार का एलान हो जाने के बाद, यह फैसला हमेशा के लिए मान्य होता है।'
बयान में कहा गया है कि कमेटी का काम सिर्फ उम्मीदवारो के काम और कोशिशों का मूल्यांकन करना है। इसमें यह भी कहा गया है कि एक बार पुरस्कार दिए जाने के बाद नोबेल विजेता क्या कहता है या क्या करता है, इस पर कमेटी कोई टिप्पणी नहीं करेगी।
यह भी पढ़ें-- वेनेजुएला पर अमेरिकी कब्जे से भारत को कैसे हो सकता है फायदा? समझिए

ट्रंप को क्यों चाहिए नोबेल?
ट्रंप कई बार खुलेआम इस बात को जाबिर कर चुके हैं कि नोबेल पीस प्राइज के असली हकदार वही हैं। ट्रंप बार-बार दावा करते हैं कि उन्होंने 8 जंग रुकवाई है और इसके लिए उन्हें नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाना चाहिए।
2025 में ट्रंप को दावेदार माना भी जा रहा था। लेकिन नोबेल कमेटी ने 2025 के शांति पुरस्कार के लिए मारिया मचाडो को चुना।
अब मचाडो ने हाल ही में फॉक्स न्यूज के साथ बातचीत में कहा कि यह पुरस्कार वेनेजुएला की जनता का है और ट्रंप ने जो किया है, वह ऐतिहासिक है, इसलिए हम यह पुरस्कार उनके साथ साझा करना चाहते हैं।