मैक्सिकन नौसेना का ट्रेनिंग जहाज, ARM कुआउटेमोक, न्यूयॉर्क शहर के ब्रुकलिन ब्रिज से टकरा गया। यह हादसा तब हुआ जब जहाज ईस्ट रिवर से गुजर रहा था और इसका मस्तूल ब्रिज के नीचे टकरा गया। दरअसल, जहाज एक प्रचार दौरे पर था और इसमें 277 लोग सवार थे, जिनमें नौसेना के कैडेट शामिल थे। टक्कर से जहाज के मस्तूल का ऊपरी हिस्सा टूट गया और कुछ हिस्से डेक पर गिरे। न्ययॉर्क के मेयर एरिक एडम्स के अनुसार, हादसे में 19 लोग घायल हुए, जिनमें 4 की हालत गंभीर थी। कुछ रिपोर्ट्स में घायलों की संख्या 22 बताई गई है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मैक्सिकन नौसेना ने पुष्टि की कि जहाज अपनी यात्रा जारी नहीं रख सका। न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट और पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को ब्रुकलिन नेवी गार्ड और अस्पतालों में ले जाया गया। न्यूयॉर्क की इमरजेंसी क्राइसिस मैनेजमेंट एजेंसी घटना की जांच कर रही है। इस बीच हादसे के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें मैक्सिकन झंडे वाला जहाज ब्रिज से टकराते और मस्तूल टूटते दिख रहा है।
यह भी पढ़ें: जिसे अमेरिका ने आतंकी बताकर भेजा जेल, अब ट्रंप ने बनाया सलाहकार
यह भी पढ़ें: सलमान रुश्दी पर हादी मातार ने हमला क्यों किया था, पूरे विवाद की ABCD
पहले भी हुए ऐसे हादसे
ब्रुकलिन ब्रिज या अन्य प्रमुख पुलों से जहाजों के टकराने की यह पहली ऐसी घटना नहीं है। 26 मार्च 2024 को, एक मालवाहक जहाज, MV डाली, बाल्टीमोर, मैरीलैंड में फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज से टकरा गया था। इस टक्कर के कारण पुल का एक बड़ा हिस्सा ढह गया, जिससे कई वाहन नदी में गिर गए और कई लोगों की मौत हुई। जहजा में चालक दल के सभी सदस्य भारतीय थे। इस घटना ने नेविगेशन त्रुटियों और बुनियादी ढांचे की सुरक्षा पर सवाल उठाए।
मैक्सिकन नौसेना के अनुसार, कुआउटेमोक एक प्रशिक्षण जहाज है, जिसकी लंबाई लगभग 297 फीट और चौड़ाई 40 फीट है। इसे पहली बार 1982 में समुद्र में उतारा गया था। हर वर्ष यह जहाज नेवल मिलिट्री स्कूल के कैडेटों को अंतिम प्रशिक्षण देने के लिए रवाना होता है। इस वर्ष यह यात्रा 6 अप्रैल को प्रशांत महासागर के किनारे स्थित मैक्सिकन बंदरगाह अकापुल्को से शुरू हुई। उस समय मैक्सिकन नौसेना ने जानकारी दी थी कि जहाज पर कुल 277 लोग सवार थे।