अमेरिका आज की रात ईरान पर बड़ा हमला कर सकता है। डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी धमकी में पूरी एक सभ्यता को खत्म करने की बात कही है। जब व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट से ईरान के साथ अमेरिका के सभी संचार माध्यमों को काटने से जुड़ा सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'ईरानी शासन के पास आज रात 8 बजे (ईस्टर्न टाइम) तक का समय है। वह इस मौके का लाभ उठाए और अमेरिका के साथ डील करे।' ईरान को लेकर अमेरिका के अगले प्लान पर कैरोलिन लेविट ने कहा, 'केवल राष्ट्रपति ही जानते हैं कि मौजूदा स्थिति क्या है और वह आगे क्या कदम उठाएंगे।'
उधर, अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने कहा कि अमेरिका के पास ऐसे हथियार हैं, जिनका अभी तक इस्तेमाल नहीं किया गया है। एक अकाउंट ने वैंस की टिप्पणी के बाद परमाणु हथियार इस्तेमाल होने की आशंका जताई।
यह भी पढ़ें: तुर्की में इजरायली वाणिज्य दूतावास के पास बड़ा हमला, तीन की मौत; दो घायल
जवाब में व्हाइट हाउस ने कहा, 'उपराष्ट्रपति वैंस ने यहां जो कुछ भी कहा, उससे ऐसा कुछ भी संकेत नहीं मिलता है। व्हाइट हाउस के बयान से यह साफ हो रहा है कि ट्रंप प्रशासन ईरान के खिलाफ परमाणु हमले पर विचार नही कर रहा है। मगर ट्रंप के सभ्यता को मिटाने वाले बयान से दुनियाभर में चिंता की एक नई लहर पैदा हुई है।
जेडी वैंस ने हंगरी में क्या कहा?
हंगरी की यात्रा पर पहुंचे जेडी वैंस ने अपने बयान में कहा था, 'हमारे पास ऐसे उपाय मौजूद हैं, जिनका हमने अभी तक इस्तेमाल करने का फैसला नहीं किया है। राष्ट्रपति इनका इस्तेमाल करने का फैसला कर सकते हैं। अगर ईरानी अपना रवैया नहीं बदलते हैं तो वे इनका इस्तेमाल जरूर करेंगे।'
यह भी पढ़ें: 'सुरक्षित जगह में पनाह लें, बाहर न निकलें', ईरान में फंसे भारतीयों को सलाह
ईरान में ह्यूमन चेन बना रहे लोग
ईरान की जनता और सरकार को पूरा यकीन है कि आज की रात अमेरिका और इजरायल बड़े हमलों को अंजाम दे सकते हैं। यहीं कारण है कि सरकार की अपील पर ईरान के अलग-अलग बिजली संयंत्रों के चारों तरफ लोगों ने मानव चेन बनानी शुरू कर दी है। बड़ी संख्या में महिलाएं भी जुटी हैं। ईरान ने यह भी साफ कर दिया है कि वह बातचीत जारी नहीं रखेगा। अगर बिजली संयंत्रों पर हमला किया गया तो उसी भाषा में जवाब दिया जाएगा।