पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (POJK) को लेकर पाकिस्तान की राजनीति और सैन्य व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठे हैं। मुत्तहिदा कौमी मूवमेंट (MQM) के संस्थापक और नेता अल्ताफ हुसैन ने लंदन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पीओजेके में हाल ही में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए पाकिस्तान की सेना पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पीओजेके के लोगों को उनके लोकतांत्रिक और बुनियादी अधिकार देने के बजाय दमन और हिंसा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पीओजेके के लोगों से पूछा कि क्या आप में से कोई अब भी पाकिस्तान में शामिल होना चाहेगा?
पीओजेके में पिछले कई महीनों से लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। लोग महंगाई, बिजली संकट और बेरोजगारी से परेशान हैं। कई जगहों पर पाकिस्तान विरोधी नारे भी लगे हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन रोकने के लिए पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियां सख्त कार्रवाई कर रही हैं। कई जगह गोलीबारी, आंसू गैस और बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियों की खबरें सामने आई हैं। पाकिस्तान की इस कार्रवाई से पीओजेके के लोगों में गुस्सा और ज्यादा बढ़ गया है।
यह भी पढ़ें: आज का मौसम: खत्म होगा इंतजार, 21 राज्यों में हो सकती है तूफानी बारिश
गोलीबारी पर फूटा गुस्सा
पाकिस्तान मुत्तहिदा छात्र संगठन की स्थापना के 48 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों को संबोधित करते हुए अल्ताफ हुसैन ने कहा कि पाकिस्तान लंबे समय से कश्मीर के नाम पर राजनीति करता रहा है, लेकिन जब पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर के लोग अपने अधिकारों की मांग करते हैं तो उन्हें दबाने का काम किया जाता है।
उन्होंने कहा, 'कश्मीरियों को उनके अधिकार देने के बजाय उन्हें गोलियां और लाशें दी जा रही हैं। ऐसे हालात देखने के बाद आखिर कश्मीरी लोग कैसे कहेंगे कि कश्मीर पाकिस्तान बनेगा?' उन्होंने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हो रहे दमन की बात का जिक्र करते हुए पाकिस्तान पर जमकर हमला बोला।
भारत समर्थक होने पर क्या बोले?
अल्ताफ हुसैन ने अपने संबोधन में मुहाजिर समुदाय और कश्मीरियों की स्थिति की तुलना भी की। उन्होंने कहा कि जब मुहाजिर समुदाय ने अपने अधिकारों की मांग उठाई तो उन्हें देशद्रोही कहा गया, और अब जब कश्मीरी अपने अधिकारों और सम्मान की बात कर रहे हैं तो उन्हें भी गद्दार और भारत समर्थक बताया जा रहा है।
पाकिस्तान के होंगे टुकड़े
अल्ताफ हुसैन ने कहा कि कश्मीर में जिस तरह से घरों में घुसकर लूट और गोलीबारी की है उसमें कितने कश्मीरी मारे गए उसकी अब तक जानकारी नहीं मिल सकी है। इंटरनेट बंद कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की गोलीबारी में कश्मीर में छोटे-छोटे बच्चों की भी मौत हुई है। उन्होंने सवाल किया कि क्या आप में से अब भी कोई पाकिस्तान में शामिल होने चाहेगा?
अल्ताफ हुसैन ने कहा, 'जिस जगह पर एक कौम पर अत्याचार होते हैं। एक कौम को परेशान किया जाता है उस मुल्क को एक नहीं रखा जा सकता है। उस देश के टुकड़े-टुकड़े हो जाएंगे। अगर यह पाकिस्तान से गुंडाराज खत्म नहीं किया गया तो वह समय करीब है जब दुनिया पाकिस्तान के टुकड़े होते देखेगी। अब यह नारा कैसे चलेगा कश्मीर बनेगा पाकिस्तान। मैंने कहा कद्दू।'
यह भी पढ़ें: '15 करोड़ अडवांस दे रहे हैं', संजय राउत ने भी कर दिया सांसदों के टूटने का इशारा?
पीओजेके में स्थिति खराब
उनका यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ समय से आर्थिक संकट, महंगाई, बिजली दरों में बढ़ोतरी, संसाधनों पर नियंत्रण और प्रशासनिक अधिकारों को लेकर लोगों के बीच असंतोष देखने को मिला है। कई स्थानों पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किए और स्थानीय स्तर पर यह मांग उठी कि क्षेत्र के लोगों को अधिक राजनीतिक अधिकार और निर्णय लेने की स्वतंत्रता दी जाए। इसके साथ ही पीओजेके के लोगों की अनदेखी को लेकर भी पाकिस्तान पर सवाल उठाए जा रहे हैं।