ईरानी गायिका परस्तू अहमदी और उनकी प्रोडक्शन टीम के चार लोगों को 74-74 कोड़ों की सजा सुनाई और दी गई है। उन पर 'अश्लील और अनैतिक' कंटेंट बनाने और उसे ऑनलाइन डालने का आरोप था। यह जानकारी वकील मुस्तफा नीली के हवाले से ईरानी वेबसाइट 'एमतेदाद' ने सोमवार, 24 नवंबर को दी गई। आपको बता दे कि यह मामला दिसंबर 2024 में सामने आया था जब अहमदी ने हिजाब पहने बिना एक ऑनलाइन कॉन्सर्ट की थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, अहमदी और उनकी टीम के चार अन्य लोगों पर दो साल तक म्यूजिक और आर्ट से जुड़े किसी भी तरह के काम और इस सिलसिले में कहीं जाने पर भी रोक लगाई गई है। हालांकि यह साफ नहीं है कि वकील नीली सभी पांचों लोगों का केस देख रहे थे या नहीं।
यह भी पढ़ें: इजराइल की सेना ने रोका था महिला सैनिकों का ट्रायल, कोर्ट ने क्यों दिया दखल?
क्या था परस्तू अहमदी का प्रोग्राम?
यह पूरा मामला दिसंबर 2024 में यूट्यूब पर आए एक वीडियो से शुरू हुआ था। इसमें परस्तू अहमदी पुरुष सिंगर के साथ बिना हिजाब के गाती नजर आई थीं। यह वीडियो कोम के पास 'देर-ए गचिन कारवांसेराई' में शूट किया गया था जो पारंपरिक तौर पर लोगों के ठहरने की जगह रही है। इसमें हल्की रोशनी वाले मंच पर एक बड़ा फारसी कालीन बिछा था और सामने कोई मौजूद नहीं थे। अहमदी ने लंबी काली पोशाक पहनी थी और उनका सिर खुला था, जो ईरान के अनिवार्य हिजाब नियम के खिलाफ था।
यह वीडियो ऑनलाइन खूब देखा गया और इससे देश में महिला कलाकारों पर लगी पाबंदियों की ओर लोगों का ध्यान गया। पुरानी रिपोर्टों के अनुसार, ईरान की न्यायपालिका ने इस प्रस्तुति का संज्ञान लेते हुए इसे देश के कानूनी और धार्मिक नियमों के खिलाफ बताया था। इसके बाद अहमदी और उनकी प्रोडक्शन टीम के सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। न्यायपालिका से जुड़ी 'मिजान न्यूज एजेंसी' ने भी इसको 'गैरकानूनी कॉन्सर्ट' करार दिया था, जो ईरान के नियमों के हिसाब से नहीं था।
गायिका पर क्या आरोप लगे थे?
अहमदी और उनकी टीम के सदस्यों पर सार्वजनिक शालीनता को ठेस पहुंचाने और अश्लील व अभद्र बताया गया कंटेट बनाने व फैलाने के आरोपों में मुकदमा चला। कोर्ट ने जून में इस समूह को 74-74 कोड़ों की सजा सुनाई थी। इसे सितंबर में अपील पर सुनवाई के दौरान कथित तौर पर बरकरार रखा गया।
पहले की रिपोर्टों में कहा गया था कि इस मामले में अहमदी, संगीतकारों और प्रोडक्शन टीम के सदस्यों समेत नौ लोगों को सजा सुनाई गई थी। हालांकि, यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि बाकी चार लोगों को भी यह सजा दी गई या नहीं। अक्टूबर में मानवाधिकार संस्था एमनेस्टी इंटरनेशनल ने ईरानी प्रशासन से कोड़े मारने की इस सजा को रोकने की अपील की थी। साथ ही इसे क्रूर, अमानवीय व अपमानजनक बताया था।
ईरान में हिजाब के नियम
महिलाओं के लिए सार्वजनिक जगहों पर सिर ढकने का नियम 2022 में हुए देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बाद बड़ा मुद्दा बन गया था। ये प्रदर्शन महसा अमीनी की मौत के बाद भड़का था। इनकी ड्रेस कोड उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तारी के बाद हिरासत में मौत हो गई थी। उन प्रदर्शनों के बाद महिलाओं के लिए ज्यादा आजादी और हिजाब पहनने या न पहनने के अधिकार की मांग जोर पकड़ गई। तब से तेहरान समेत कई बड़े शहरों में बिना हिजाब के बाहर निकलने वाली महिलाओं की संख्या बढ़ी है। नियमों को लागू करने में भी पहले जैसी सख्ती हर जगह नहीं दिखती।
यह भी पढ़ें: जेन्सेन हुआंग की NVIDIA में वापसी, फिर बने कंपनी के प्रेसिडेंट और CEO
ईरान में महिलाओं को सार्वजनिक रूप से गाने पर पाबंदियों का सामना करना पड़ता है, खासकर अकेले परफॉर्म करने को लेकर। अहमदी के इस कार्यक्रम ने अनिवार्य ड्रेस कोड और महिला कलाकारों पर लगी बंदिशों, दोनों को चुनौती दी थी। पश्चिमी देशों और मानवाधिकार संगठनों ने कोड़े मारने की सजा को यातना और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताते हुए इसकी आलोचना की है। वहीं, ईरान अपने मानवाधिकार रिकॉर्ड को लेकर लगे आरोपों को खारिज करता रहा है। उनका कहना है कि पश्चिमी देशों को पहले अपने यहां के मानवाधिकार मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।