अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को फिर से दावा किया कि उन्होंने मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य तनाव में बीच-बचाव किया था। भारत ने कई बार साफ कह दिया है कि इस मामले में किसी तीसरे देश की कोई मध्यस्थता नहीं हुई थी।
डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल और हमास की जंग रोकने के लिए बने 'बोर्ड ऑफ पीस' के एक कार्यक्रम में कहा कि दोनों देश लड़ना चाहते थे, लेकिन पैसे के नुकसान की बात आई तो वे रुक गए। डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि उस झड़प में 11 जेट गिराए गए थे। भारत ने इस दावे को भी पूरी तरह खारिज कर दिया है।
यह भी पढ़ें: 'वह बहुत क्रीप इंसान था, मेरा उससे कोई संबंध नहीं', अब डोनाल्ड ट्रंप ने दी सफाई
डोनाल्ड ट्रंप, राष्ट्रपति, अमेरिका:-
जब बहुत सारा पैसा खोने की बात आई तो उन्होंने कहा लगता है हम लड़ना नहीं चाहते। 11 जेट गिराए गए। बहुत महंगे जेट।
आसिम मुनीर की इतनी तारीफ क्यों?
पाकिस्तान डोनाल्ड ट्रंप के 'बोर्ड ऑफ पीस' में शामिल हो गया है। भारत इस बोर्ड में सिर्फ पर्यवेक्षक की भूमिका में है। भारत कई बार ट्रंप के दावों को खारिज कर चुका है। पाकिस्तानी प्रतिनिधि, ट्रंप की हां में हां मिलाते नजर आए हैं। आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ, कई बार ट्रंप से मिल चुके हैं, अधीनस्थ देश की तरह, उनके इशारों पर काम कर रहे हैं। भारत ने बार-बार कहा है कि संप्रभुता से कोई समझौता नहीं होगा। भारत व्यापार और रक्षा अपनी शर्तों पर तय करता है।
आसिम मुनीर पर ट्रंप ने क्या कहा?
मैं पाकिस्तान के इस शख्स को पसंद करता हूं। मैंने उनके बारे में तब जाना, जब जंग हो रही थी। वह महान जनरल हैं, महान फील्ड मार्शल हैं, महान शख्सियत हैं।
यह भी पढ़ें: मिशेल-बराक ओबामा को ट्रंप ने दिखाया बंदर, व्हाइट हाउस को माफी मांगनी पड़ी
अब क्या फर्जी दावा कर गए डोनाल्ड ट्रंप?
बोर्ड ऑफ पीस इवेंट में, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'उन्होंने हमारे चीफ ऑफ स्टाफ के सामने कहा कि प्रेसिडेंट ट्रंप ने 25 लाख जानें बचाईं जब उन्होंने हमारे और इंडिया के बीच जंग रोकी। वह जंग जोरों पर थी। प्लेन गिराए जा रहे थे। और मेरी उन दोनों से फोन पर बात हुई, और मैं उन्हें थोड़ा-बहुत जानता था। मैं प्राइम मिनिस्टर मोदी को बहुत अच्छे से जानता था। मैंने उन्हें फोन किया और कहा, सुनो, अगर तुम लोग इसे सुलझा नहीं पाए तो मैं तुम दोनों के साथ ट्रेड डील नहीं करूंगा और अचानक, हमने एक डील कर ली।
यह भी पढ़ें: भारत पर टैरिफ घटाने के लिए मजबूर कैसे हुए डोनाल्ड ट्रंप? इनसाइड स्टोरी
डोनाल्ड ट्रंप, राष्ट्रपति, अमेरिका:-
मैंने कहा, अगर तुम लड़ोगे, तो मैं तुम दोनों देशों पर 200 परसेंट टैरिफ लगा दूंगा। वे दोनों लड़ना चाहते थे। लेकिन जब पैसे की बात आई तो यह पैसे जैसा कुछ नहीं था। जब बहुत सारा पैसा खोने की बात आई, तो उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि हम लड़ना नहीं चाहते। 11 जेट मार गिराए गए। बहुत महंगे जेट।
बार-बार गलत दावा कर रहे हैं डोनाल्ड ट्रंप
पिछले कुछ महीनों में ट्रंप ने 80 से ज्यादा बार यह दावा दोहराया है कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया। लेकिन उन्होंने जेट गिरने की संख्या अलग-अलग बताई है। शुरुआत में उन्होंने कहा था कि 5 जेट, फिर कहा कि 7 जेट गिराए गए। नवंबर तक आते-आते वह 8 जेट पर आ गए, दिसंबर में 10 और अब 11 जेट खत्म होने का दावा कर रहे हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने व्यापार सौदों और टैरिफ (शुल्क) का इस्तेमाल करके दोनों देशों को रोका। उन्होंने कहा, 'मैंने उनसे कहा, सुनो, अगर तुम यह मामला सुलझाओगे नहीं तो मैं तुम दोनों के साथ कोई व्यापार सौदा नहीं करूंगा और अचानक हमने डील कर ली। मैंने कहा, अगर तुम लड़ोगे तो मैं तुम दोनों देशों पर 200 प्रतिशत टैरिफ लगा दूंगा।'
यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप ने फिर से की पीएम मोदी की तारीफ, कहा- 'शानदार इंसान हैं'
पीएम मोदी पर क्या बोले ट्रंप?
डोनाल्ड ट्रंप ने कार्यक्रम के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा, 'मैंने प्रधानमंत्री मोदी से बात की। वे उत्साहित हैं। वे अभी हमें देख रहे हैं।'
भारत ट्रंप के दावों को खारिज करता रहा है
भारत ने ट्रंप के इन सभी दावों को बार-बार नकारा है और कहा है कि कोई बाहरी मध्यस्थता नहीं हुई, सब कुछ दोनों देशों के बीच सीधे बातचीत से सुलझाया है।