यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शुक्रवार को यूरोपीय परिषद की बैठक को संबोधित किया और कम से कम 70 अरब यूरो की आर्थिक मदद मांगी। उनका तर्क है कि इस रकम से रूस को रोकने में मदद मिलेगी। जेलेंस्की ने रूस के साथ ट्रंप की डीजल डील पर सवाल उठाया और कहा इससे पुतिन की जेब में पैसा जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि रूस वर्तमान में उत्तर कोरिया बन चुका है। बच्चों को युद्ध के लिए तैयार कर रहा है। जेलेंस्की का दावा है कि यूक्रेन की सेना और तकनीक रूस के खिलाफ यूरोप की सुरक्षा में मदद करती है। उन्होंने यूरोप के रक्षा बजट में यूक्रेन की रक्षा क्षमताओं को शामिल करने की अपील की। युद्ध के दौरान समर्थन करने पर आभार जताया।
यह भी पढ़ें: जापान में मोबाइल फोन में आया तबाही का अलर्ट, अब सरकार को सफाई देनी पड़ी
ट्रंप की डीजल डील पर सवाल
यूरोपीय परिषद की बैठक में जेलेंस्की ने रूस के साथ ट्रंप की डीजल डील को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अगर यूरोप ने प्रतिबंधों में ढील दी तो बाकी लोग इसका फायदा उठाएंगे। उन्होंने कहा कि हम देख सकते हैं कि कैसे डीजल डील के जरिए रूस में फिर से पैसा आना शुरू हो जाएगा। उनका दावा है कि यह डीजल डील वैश्विक बाजारों पर 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' के असर की भरपाई करने के लिए काफी नहीं होगी। यह युद्ध को जारी रखने के लिए सीधे पुतिन की जेब में और अधिक पैसा पहुंचाएगी।
यूरोपीय संघ से मांगे 70 अरब यूरो
यूरोपीय परिषद में जेलेंस्की ने कहा, 'अगले साल इस युद्ध में 155 अरब यूरो का खर्च आएगा। रक्षा, हथियार और अपनी मजबूती बनाए रखने के लिए हमें आपसे कम से कम 70 अरब यूरो और चाहिए। यह एक व्यावहारिक राशि है। मैं आपसे यह मदद जुटाने की अपील करता हूं। इससे हमें रूस को रोकने में मदद मिलेगी।'
'रूस की अर्थव्यवस्था को कमजोर कर रहे हमारे ड्रोन'
आगे कहा, 'कुछ बहुत ही सीधी-सी बातें हैं। ड्रोन की मदद से हम फ्रंट लाइन पर रूस के अधिकांश हमलों को रोक पाते हैं। इन तकनीकों के माध्यम से हम रूस की आपूर्ति लाइनों को काट पाते हैं। हमारे ड्रोन रूस की अर्थव्यवस्था को कमजोर करने में भी सहायता कर रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: 'अमेरिका में हिंदू-विरोधी नफरत', मंदिर पर हमले की साजिश पर MEA ने क्या कहा?
हमारे पास पैसा नहीं, यह सच है: जेलेंस्की
जेलेंस्की ने धन की कमी का हवाला दिया और बताया कि कैसे यूक्रेन ड्रोनों की संख्या नहीं बढ़ा पा रहा है। उनका तर्क है कि अगर आर्थिक मदद मिले तो न केवल ड्रोन की संख्या बढ़ेगी, बल्कि रूस पर और अधिक दबाव भी डाला जा सकता है।
उन्होंने कहा, 'अभी हम ड्रोन के प्रकार के आधार पर संख्या दो से तीन गुना तक बढ़ा सकते हैं। लेकिन हमारे पास पर्याप्त धन नहीं है। यह सच है। जरा सोचिए अगर हम आज की तुलना में रूस पर दो से तीन गुना अधिक दबाव डाल सकें तो क्या होगा?'
'रूस बन रहा नया उत्तर कोरिया'
जेलेंस्की का आरोप है कि पुतिन के नेतृत्व में रूस नया उत्तर कोरिया बन गया है। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, 'हमें उम्मीद है कि युद्ध जल्द से जल्द खत्म हो जाएगा। मगर पुतिन का इरादा काफी लंबे समय तक टिके रहने का है। वह एक ऐसा रूस बना रहे हैं, जो उत्तर कोरिया जैसा दिखता है, जहां बच्चों को कम उम्र से ही युद्ध और अपने नेता के लिए जान देने के लिए तैयार किया जाता है। इसलिए रूस का खतरनाक बने रहना खत्म नहीं होगा।'
जेलेंस्की का दावा है कि यूक्रेन की ताकत, सेना और तकनीक यूरोप की सुरक्षा और सुरक्षा की गारंटी देने में मदद कर रही है। उनका कहना है कि 2028 और उसके बाद के यूरोप के बजट में सुरक्षा की इन गारंटियों की कोई झलक नहीं दिख रही है। उन्होंने यूक्रेन की रक्षा क्षमताओं को यूरोपीय संघ के बजट में शामिल करने का आग्रह भी किया।