आमतौर पर हर घर में किचन का सिंक अक्सर जाम हो जाता है। किचन घर का वह हिस्सा है जहां सुबह से रात तक सबसे ज्यादा काम होता रहता है। बर्तन धोना, सब्जियां साफ करना और रोजमर्रा के दूसरे कामों में सिंक का इस्तेमाल लगातार होता है।जब बर्तनों से निकलने वाला तेल, घी, मसाले, चायपत्ती और खाने के छोटे-छोटे कण पाइप में चले जाते हैं तो धीरे-धीरे सिंक जाम हो जाता है। पानी बहना बंद हो जाता है और सिंक में पानी भरने लगता है।
अगर समय पर साफ-सफाई न की जाए तो पूरे रसोईघर में बदबू फैलने लगती है, जिससे घरवालों को काफी परेशानी होती है।ऐसी स्थिति में लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। रोजाना का काम रुक जाता है और घर में तनाव बढ़ जाता है लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है।
कई आसान और प्रभावी घरेलू उपायों की मदद से जाम हुआ सिंक जल्दी साफ किया जा सकता है।इन उपायों को अपनाकर आप बिना किसी महंगे प्लंबर के बुलाए या केमिकल इस्तेमाल किए अपने किचन को साफ और सुगंधित रख सकते हैं। समय-समय पर इन तरीकों का इस्तेमाल करने से सिंक जाम होने की समस्या भी कम हो जाती है।
यह भी पढ़ें: मानसून में जूतों की बदबू से हैं परेशान? अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय
1. गर्म पानी का इस्तेमाल करें
अगर जाम ज्यादा गंभीर नहीं है तो सबसे पहले पाइप में धीरे-धीरे गर्म पानी डालें। गर्म पानी चिकनाई और जमी गंदगी को नरम करके बहाने में मदद करता है। यह तरीका किचन सिंक के लिए खासतौर पर कारगर माना जाता है।
2. बेकिंग सोडा और सिरके का मिश्रण
सिंक के ड्रेन में आधा कप बेकिंग सोडा डालें और उसके ऊपर एक कप सफेद सिरका डाल दें। कुछ मिनट तक झाग बनने दें और फिर गर्म पानी डालकर पाइप को फ्लश कर दें। इससे पाइप में जमा गंदगी ढीली हो सकती है।
3. प्लंजर का उपयोग करें
अगर पानी बिल्कुल नहीं निकल रहा है, तो प्लंजर का इस्तेमाल करें। कुछ मिनट तक दबाव बनाने से पाइप में फंसी गंदगी बाहर निकल सकती है और पानी का प्रवाह सामान्य हो सकता है।
4. ड्रेन स्ट्रेनर साफ करें
कई बार जाम की वजह पाइप नहीं बल्कि ड्रेन कवर या स्ट्रेनर में फंसे बाल और कचरा होते हैं। इसे निकालकर अच्छी तरह साफ करें।
5. पाइप ट्रैप की सफाई करें
सिंक के नीचे लगे U-आकार के पाइप (P-Trap) में अक्सर गंदगी जमा हो जाती है। बाल्टी रखकर इस हिस्से को खोलें और जमा कचरा निकालकर दोबारा फिट कर दें।
6. वायर या हुक की मदद लें
पतले तार या हुक को ड्रेन में डालकर फंसे हुए बाल, प्लास्टिक या अन्य कचरे को बाहर निकाला जा सकता है। यह तरीका बाथरूम सिंक में ज्यादा उपयोगी होता है।
यह भी पढ़ें: शादी के बाद ऐसे सजाएं नया किचन, नया ट्रेंड घर को बनाएगा और खूबसूरत
कब बुलाना चाहिए प्लंबर को?
अगर घरेलू तरीकों को इस्तेमाल करने के बाद भी सिंक में से पानी नहीं निकल रहा है, बदबू आ रही है या फिर बार-बार सिंक जाम हो रहा है तो समस्या काफी बढ़ गई है। ऐसे में फिर प्लंबर की मदद लेना ही सबसे बेहतर होगा।