किसी ट्रिप पर परिवार के बुजुर्गों को साथ ले जाना है तो प्लानिंग थोड़ी अलग तरह से करनी पड़ती है। जो सफर युवाओं के लिए आसान हो सकता है वही बुजुर्गों के लिए थकाने वाला हो सकता है। ज्यादा देर चलना, बार-बार जगह बदलना या लंबे समय तक सफर करना उनके लिए परेशानी का कारण बन सकता है। इसलिए ट्रिप की तैयारी करते समय उनकी सुविधा को सबसे पहले रखना जरूरी है।
बुजुर्गों के साथ यात्रा का प्लान बनाते समय यह देखना चाहिए कि रास्ता कितना लंबा है वहां मौसम कैसा रहेगा और रहने की जगह पर जरूरी सुविधाएं हैं या नहीं। अगर पहले से इन चीजों का ध्यान रखा जाए तो सफर के दौरान अचानक होने वाली परेशानियों से बचा जा सकता है। साथ ही ट्रिप ऐसा रखना बेहतर है जिसमें घूमने के साथ उन्हें बीच-बीच में आराम का समय भी मिल सके।
यह भी पढ़ें: दादी-नानी के नुस्खे सच में काम करते हैं? जानें साइंस क्या कहती है
बुजुर्गों के साथ ट्रिप में इन बातों का रखें ध्यान
1. सफर ज्यादा थकाने वाला न रखें
बुजुर्गों के साथ ट्रिप प्लान करते समय एक दिन में बहुत ज्यादा जगह घूमने का प्लान न बनाएं। ऐसी जगह चुनें जहां बहुत ज्यादा पैदल न चलना पड़े और बार-बार सीढ़ियां चढ़ने की जरूरत न हो। घूमने के बीच में आराम का समय जरूर रखें ताकि उन्हें ज्यादा थकान न हो।
2. दवाइयां और जरूरी कागज साथ रखें
अगर बुजुर्ग रोज कोई दवा लेते हैं तो पूरी यात्रा के हिसाब से पर्याप्त दवाइयां साथ रखें। डॉक्टर की पर्ची, पहचान पत्र और दूसरे जरूरी कागज भी अपने पास रखें। दवाइयां को ऐसे बैग में रखें जहां जरूरत पड़ने पर उन्हें आसानी ने निकाला जा सके।
3. होटल बुक करते समय सुविधा देखें
होटल चुनते समय यह जरूर देखें कि वहां लिफ्ट है या नहीं और कमरा बहुत ज्यादा सीढ़ियों पर तो नहीं है। होटल के आसपास मेडिकल स्टोर, अस्पताल और जरूरी दुकानें हों तो और अच्छा रहता है। इससे जरूरत पड़ने पर ज्यादा दूर नहीं जाना पड़ेगा।
4. मौसम के हिसाब से तैयारी करें
जिस जगह जा रहे हैं वहां का मौसम पहले से देख लें। ज्यादा गर्मी, ठंड या बारिश होने पर बुजुर्गों को परेशानी हो सकती है। इसलिए मौसम के हिसाब से कपड़े, छाता, जूते और दूसरी जरूरी चीजें साथ रखें।
यह भी पढ़ें: भारतीय रसोई के सुपरफूड्स, जिन्हें दुनिया अब ट्रेंडी कह रही है
5. यात्रा में मदद की सुविधा पहले जान लें
अगर बुजुर्गों को ज्यादा चलने में परेशानी होती है तो फ्लाइट या ट्रेन में मिलने वाली सहायता के बारे में पहले ही पता कर लें। एयरपोर्ट या स्टेशन पर व्हीलचेयर जैसी सुविधा की जरूरत है तो उसे पहले से बुक करना बेहतर रहता है। इससे यात्रा के दौरान ज्यादा भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
6. खाने-पीने का भी ध्यान रखें
ट्रिप को दौरान खाने का समय बहुत ज्यादा न बदलें और बहुत भारी खाने से बचें। पानी साथ रखें और जरूरत के हिसाब से हल्का खाना या स्नैक्स भी रख सकते हैं। अगर बुजुर्ग किसी खास तरह का खाना खाते हैं तो होटल या आसपास ऐसी सुविधा पहले से देख लेना अच्छा रहेगा।