दादी-नानी के समय से घर में कई तरह के घरेलू नुस्खे इस्तेमाल होते आ रहे हैं। सर्दी-जुकाम हो तो अदरक वाली चाय, गले में खराश हो तो शहद, पेट में गैस हो तो अजवाइन और दर्द में हल्दी वाला दूध जैसे उपाय आज भी कई घरों में अपनाए जाते हैं। इन नुस्खों की खास बात यह है कि इनमें से ज्यादातर चीजें घर में आसानी से मिल जाती हैं।
हालांकि आज के समय में लोग यह भी जानना चाहते हैं कि इन नुस्खों का सच में कोई फायदा होता है या ये सिर्फ पुरानी मान्यता हैं। कुछ घरेलू उपायों के पीछे वैज्ञानिक वजह मिलती है और कुछ से थोड़ी राहत भी मिल सकती है। वहीं हर नुस्खा असरदार हो यह जरूरी नहीं है। इसलिए आइए जानते हैं दादी-नानी के कुछ आम नुस्खों के बारे में और देखते हैं कि मॉर्डन साइंस इनके बारे में क्या कहती है।
यह भी पढ़ें: 9-5 की भागदौड़ में भी फिट कैसे रहें? जाने 20 मिनट का आसान वर्कआउट
शहद से गले की खराश में मिल सकती है राहत
गले में खराश या खांसी होने पर अक्सर घर में शहद लेने की सलाह दी जाती है। कुछ रिसर्च में भी शहद को खांसी में थोड़ी राहत देने वाला बताया गया है। खासकर रात में खांसी की वजह से परेशान होने पर शहद से राहत मिल सकती है लेकिन एक साल से कम उम्र के बच्चों को शहद नहीं देना चाहिए। इससे उन्हें गंभीर इंफेक्शन का खतरा हो सकता है।
अदरक वाली चाय सिर्फ स्वाद के लिए नहीं
सर्दी-जुकाम या गले में परेशानी होने पर अदरक वाली चाय पीने की सलाह भी काफी आम है। अदरक में कुछ ऐसे तत्व पाए जाते हैं जिनमें सूजन कम करने वाले गुण हो सकते हैं। हालांकि अदरक की चाय सर्दी-जुकाम का इलाज नहीं है। इसे सिर्फ आराम देने वाले घरेलू उपाय के तौर पर देखा जाना चाहिए।
अजवाइन से पेट को मिलता है राहत
पेट भारी लगने या गैस होने पर अजवाइन खाने का नुस्खा काफी पुराना है। अजवाइन में मौजूद कुछ तत्व पाचन से जुड़ी परेशानी में मदद कर सकते हैं लेकिन हर व्यक्ति पर इसका असर एक जैसा हो यह जरूरी नहीं है। अगर पेट बार-बार दर्द होता है या बहुत ज्यादा परेशानी रहती है तो सिर्फ अजवाइन पर टिके रहने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।
हल्दी वाला दूध कितना फायदेमंद?
चोट लगने या शरीर में दर्द होने पर हल्दी वाला दूध पीने की सलाह भी दी जाती है। हल्दी में करक्यूमिन नाम का तत्व पाया जाता है जिस पर सूजन और दर्द से जुड़े कई अध्ययन हुए हैं। हालांकि दूध में थोड़ी हल्दी डालकर पीने से किसी बीमारी का इलाज हो जाएगा ऐसा कहना सही नहीं है।
बालों में तेल लगाने से क्या फायदा होता है?
बालों में तेल लगाना दादी-नानी के सबसे आम नुस्खों में से एक है। तेल लगाने से बालों और स्कैल्प में नमी बनी रह सकती है और बालों का रूखापन कम महसूस हो सकता है। हालांकि तेल लगाने से बाल तेजी से बढ़ेंगे या गंजापन खत्म हो जाएगा तो इसका पक्का कोई वैज्ञानिक सबूत नहीं है। बाल झड़ने की समस्या ज्यादा है तो इसका कारण पता करना जरूरी है।
भाप लेने से बंद नाक में मिल सकती है राहत
सर्दी या नाक बंद होने पर भाप लेने का तरीका भी काफी पुराना है। गर्म भाप कुछ समय के लिए नाक बंद होने की समस्या में राहत दे सकती है लेकिन बहुत गर्म पानी की भाप लेने से त्वचा जल सकती है। खासकर बच्चों को भाप देते समय ज्यादा सावधानी रखनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: सुबह की ये 5 अच्छी आदतें रखेंगी पूरे दिन एनर्जी से भरपूर, आज से ही अपनाएं
डॉक्टर ने बताया घरेलू नुस्खों का सच
डॉ. अर्चना पाटे, वरिष्ठ सलाहकार – इंटरनल मेडिसिन, फोर्टिस अस्पताल, कल्याण के मुताबिक, कुछ घरेलू नुस्खे छोटी-मोटी परेशानी में राहत दे सकते हैं। जैसे गले में खराश होने पर गुनगुना पानी पीना, नमक वाले पानी से गरारे करना और पर्याप्त पानी पीना मदद कर सकता है। हालांकि इनसे बीमारी का इलाज नहीं होता, सिर्फ लक्षणों में कुछ राहत मिल सकती है।
डॉक्टर ने बताया कि शहद, अदरक और हल्दी जैसे घरेलू चीजों पर रिसर्च हुई है लेकिन इन्हें दवा या किसी बीमारी का पक्का इलाज नहीं माना जा सकता। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमारी या दवा लेने वाले लोगों को घरेलू नुस्खे अपनाते समय सावधानी रखनी चाहिए। परेशानी ज्यादा हो या लंबे समय तक बनी रहे तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।