बारिश का मौसम अपने साथ ठंडक और राहत लेकर आता है लेकिन इसी मौसम में घरों में नमी बढ़ने लगती है। ज्यादा नमी की वजह से दीवारों, अलमारी, बाथरूम, किचन, कपड़ों और जूतों पर फफूंदी लगने की समस्या भी बढ़ जाती है। इससे घर में बदबू आने लगती है और कई बार सामान भी खराब हो जाता है।
अगर समय रहते फफूंदी पर ध्यान न दिया जाए तो यह तेजी से फैल सकती है। फफूंदी न केवल आपकी वस्तुओं को नुकसान पहुंचाती है बल्कि सेहत के लिए भी खतरनाक साबित हो सकती है। ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर मानसून में नमी को कम किया जा सकता है और फफूंदी बनने से काफी हद तक बचा जा सकता है। आइए जानते हैं 7 ऐसे घरेलू नुस्खे जो मानसून में आपके घर को साफ और फफूंदी से सुरक्षित रखने में मदद करेंगें।
यह भी पढ़ें: बचे हुए खाने से बनाएं टेस्टी डिश, स्वाद मिलेगा और पैसा भी बचेगा
1. घर में हवा का सही इंतजाम रखें
फफूंदी सबसे ज्यादा उन जगहों पर पनपती हैं जहां लंबे समय तक नमी बनी रहती है और हवा का आना जाना कम होता है। इसलिए रोज सुबह और शाम कुछ समय के लिए घर की खिड़कियां और दरवाजे खोलें। अगर घर में धूप आती है तो उसे अंदर आने दें। इससे नमी कम होगी और फफूंदी बनने की संभावना भी घटेगी।
2. सफेद सिरके से करें सफाई
सफेद सिरका फफूंदी हटाने के लिए एक आसान और असरदार घरेलू उपाय माना जाता है। इसमें ऐसे गुण होते हैं जो फफूंदी को बढ़ने से रोकने में मदद कर सकते हैं।
कैसे इस्तेमाल करें?
एक स्प्रे बोतल में बिना पानी मिलाए सफेद सिरका भरें। इसे फफूंदी वाली जगह पर स्प्रे करें। 30 से 60 मिनट तक छोड़ दें। इसके बाद साफ कपड़े या ब्रश से साफ कर दें।
3. बेकिंग सोडा से दूर करें फफूंदी और बदबू
अगर घर में फफूंदी के साथ बदबू भी आ रही है तो बेकिंग सोडा एक बहुत ही अच्छा विकल्प हो सकता है। यह नमी और बदबू दोनों को कम करने में मदद करता है।
कैसे इस्तेमाल करें?
एक गिलास पानी में 1 चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। इसके बाद जहां जहां फफूंदी और बदबू आ रही है वहां इसे स्प्रे करें। 15-20 मिनट बाद ब्रश से हल्के हाथों से साफ करें। आखिर में सूखे कपड़े से पोंछ दें।
4. अलमारी और कपड़ों को सूखा रखें
बरसात में कपड़ों में सीलन की बदबू और फफूंदी लगना आम बात है। हमेशा कपड़ों को पूरी तरह सूखने के बाद ही अलमारी में रखें। अलमारी में सिलिका जेल, कपूर या नमी सोखने वाले पाउच रखने से भी नमी कम रहती है और कपड़े लंबे समय तक फ्रेश बने रहते हैं।
यह भी पढ़ें: ड्रिंक्स से लेकर मीठे तक, सावन व्रत में ट्राई करें ये टेस्टी और हेल्दी रेसिपी
5. बाथरूम और किचन में पानी जमा न होने दें
बाथरूम और किचन ऐसी जगहें हैं जहां सबसे ज्यादा नमी रहती है। नहाने या बर्तन धोने के बाद फर्श और दीवारों पर जमा पानी साफ कर दें। अगर एग्जॉस्ट फैन है तो उसका इस्तेमाल करें। इससे नमी जल्दी सूख जाएगी और फफूंदी बनने का खतरा कम होगा।
6. नीम की पत्तियां और कपूर का इस्तेमाल करें
नीम की सूखी पत्तियां और कपूर नमी और बदबू को कम करने में मददगार माने जाते हैं। इन्हें अलमारी, जूते के रैक और स्टोर रूम में रखा जा सकता है। इससे वहां ताजगी बनी रहती है और सीलन की समस्या कम हो सकती है।
7. धूप मिलने पर सामान जरूर सुखाएं
बरसात के बीच जब भी धूप निकले तो गद्दे, तकिए, रजाई, कंबल, जूते और मैट जैसी चीजों को कुछ घंटों के लिए धूप में रखें। धूप नमी को कम करने में मदद करती है जिससे फफूंदी लगने की संभावना काफी कम हो जाती है।