छोटे बच्चे अक्सर अपने कपड़ों पर खाना गिरा देते हैं। दाल, सब्जी, चॉकलेट, जूस या हल्दी जैसे दाग अगर समय पर साफ न किए जाएं तो उनका हटना मुश्किल हो जाता है। कपड़े पर इस दाग को छुटाना किसी झंझट से कम नहीं है। इसी परेशानी को देखते हुए हम आपके लिए कुछ आसान घरेलू उपाय लेकर आए हैं जिनके इस्तेमाल से कपड़े नए जैसे दिखने लगेंगे। बिना महंगे प्रोडक्ट्स के भी इन जिद्दी दागों को हटाया जा सकता है।
बच्चों के कपड़ों पर दाग सिर्फ खाने की वजह से ही नहीं लगते, बल्कि खेलते समय मिट्टी, स्कूल में स्याही, पेंट या दूसरी कई चीजों के कारण भी कपड़े गंदे हो जाते हैं। महंगे डिटर्जेंट इस्तेमाल करने के बाद भी दाग पूरी तरह से कपड़ो से नहीं निकलता है जिससे नए कपड़े भी पुराने की तरह दिखने लगते हैं। हालांकि ऐसी कई असरदार चीजें आपके घर की रसोई में ही मौजूद हैं जिनकी मदद से कपड़ों के दाग काफी हद तक साफ किए जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: किराए के घर को कम खर्च में सजाना है? ये हैं 10 आसान तरीके
1. ठंडे पानी से तुरंत धोएं
दाग लगते ही कपड़े को ठंडे पानी से धो लें। इससे दाग कपड़े के रेशों में गहराई तक नहीं जाता और बाद में साफ करना आसान हो जाता है। गर्म पानी का इस्तेमाल करने से कुछ दाग और ज्यादा पक्के हो सकते हैं।
2. बेकिंग सोडा का पेस्ट लगाएं
एक चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इसे दाग वाली जगह पर 20 मिनट तक लगाकर रखें और फिर हल्के हाथों से रगड़कर धो लें। इससे तेल और खाने के कई तरह के दाग हल्के हो जाते हैं।
3. नींबू का रस और नमक
नींबू के रस में थोड़ा नमक मिलाकर दाग पर लगाएं। 10–15 मिनट बाद कपड़े को धो लें। यह तरीका हल्के रंग के कपड़ों पर ज्यादा असरदार होता है। रंगीन कपड़ों पर पहले किसी छिपी जगह पर टेस्ट जरूर करें।
यह भी पढ़ें: झाड़ू-पोछा और बर्तन करके रूखे हो रहे हैं हाथ? अपनाएं ये घरेलू जुगाड़
4. सफेद सिरके का इस्तेमाल करें
एक कप पानी में थोड़ा सफेद सिरका मिलाकर दाग वाली जगह पर लगाएं। 15 मिनट बाद सामान्य डिटर्जेंट से कपड़ा धो लें। इससे कई तरह के खाने और जूस के दाग आसानी से निकल सकते हैं।
5. लिक्विड डिशवॉश से तेल के दाग हटाएं
अगर दाग घी, मक्खन या तैलीय खाने का है, तो उस पर थोड़ा-सा लिक्विड डिशवॉश लगाकर 10 मिनट छोड़ दें। इसके बाद हल्के हाथों से रगड़कर धो लें।
6. दही से हल्दी के दाग कम करें
हल्दी के दाग हटाने के लिए दाग वाली जगह पर थोड़ा दही लगाकर 20–30 मिनट तक छोड़ दें। इसके बाद सामान्य तरीके से धो लें। इससे हल्दी का रंग काफी हद तक हल्का हो सकता है।
7. धूप में सुखाएं
दाग साफ करने के बाद कपड़ों को हल्की धूप में सुखाएं। नेचुरल धूप कई हल्के दागों को फीका करने में मदद करती है। हालांकि रंगीन कपड़ों को तेज धूप में ज्यादा देर तक न रखें।
ध्यान रखने वाली बातें
- दाग जितनी जल्दी साफ करेंगे उतनी आसानी से निकलेंगे।
- कपड़ों पर कोई भी घरेलू उपाय अपनाने से पहले एक छोटे हिस्से पर टेस्ट जरूर करें।
- बच्चों की त्वचा संवेदनशील होती है। इसलिए कपड़े धोने के बाद उन्हें अच्छी तरह पानी से जरूर निकालें ताकि किसी भी चीज का अवशेष न रह जाए।
- बहुत पुराने या जिद्दी दागों के लिए कपड़े के फैब्रिक के अनुसार उचित क्लीनिंग प्रोडक्ट का इस्तेमाल करें।