आज कल जींस हमारे पहनावे का बड़ा हिस्सा हो गया है। इसे बच्चे, लड़के, लड़कियां हर कोई पहनता है। इस वजह से मार्केट में इसकी खास डिमांड है। आपको मार्केट में अलग-अलग स्टाइल की जींस मिल जाएगी। जब जींस पुरानी हो जाती है तो लोग उसे बेकार समझकर फेंक देते हैं। आप इस तरह की गलती न करें।
आप जींस के कपड़े का इस्तेमाल अलग-अलग चीजों को बनाने के लिए कर सकते हैं। अगर आप भी सोच रहे हैं कि पुरानी जींस को कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं? हम आपको कुछ आइडिया दे रहे हैं जिसका इस्तेमाल आप कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: आम से लक्षण फिर कैसे जानलेवा होता है सेप्सिस?
डेनिम ऑर्गनाइजर बनाएं
आप पुरानी जींस से जेब काट लें और उन्हें मजबूत कपड़े और कार्डबोर्ड के टुकड़े पर लगा दें। आप इस जेब में चार्जर, स्टेशनरी, मेकअप या दूसरी छोटी चीजों को रख सकते हैं। आप इस ऑर्गनाइजर को अपनी डेस्क, ड्रेसिंग एरिया या बिस्तर के पास लटका सकते हैं।
प्लांट कवर बनाएं
पुरानी जींस का इस्तेमाल पौधों के गमले को कवर करने के लिए कर सकते हैं। जींस को अच्छे से काटकर गमले पर लपेट दें। डेनिम कवर लगाते समय इस बात का ध्यान रखें कि गमले में पानी निकलने की सही व्यवस्था हो।
जींस से बनाएं टोट बैग
आप पुरानी जींस का इस्तेमाल टोट बैग बनाने के लिए कर सकते हैं। जींस का कपड़ा मोटा होता है तो उसमें आप आराम से किताबें, किराने का सामान और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों को रख सकते हैं। आप जींस में मौजूद पॉकेट का भी बैग में इस्तेमाल कर सकते हैं जिससे उसमें ज्यादा सामान आ जाएं।
यह भी पढ़ें: शर्मा की चाय और गलावटी कबाब ही नहीं, लखनऊ में ये चीजें भी हैं मशहूर
बॉस्केट बनाएं
आप पुरानी जींस से बॉस्केट बना सकते हैं। अगर आप मजबूत बॉस्केट चाहते हैं तो उसमें कार्डबोर्ड या कोई अन्य मजबूत चीज लगा सकते हैं। इस बॉस्केट में खिलौने, एक्सेसरीज और घर का छोटा-मोटा सामान रख सकते हैं। इसके अलावा अपने पालतू जानवारों के खिलौने बना सकते हैं।
घर की सजावट करें
जींस के बचे हुए टुकड़ों का इस्तेमाल घर को सजाने के लिए कर सकते हैं। आप जींस की पट्टियों का इस्तेमाल पैच, कुशन, नोटिस बोर्ड और अन्य चीजों को सजाने के लिए कर सकती हैं। आप अलग अलग शेड्स को मिलाकर पर्सनल लुक भी क्रिएट कर सकते हैं।