मानसून का मौसम आते ही मौसम तो सुहाना हो जाता है लेकिन इस समय कई लोग जल्दी बीमार भी पड़ने लगते हैं। सर्दी, खांसी, वायरल और पेट से जुड़ी परेशानियां इस मौसम में आम हो जाती हैं। ऐसे में सिर्फ दवा लेना ही काफी नहीं होता बल्कि अपनी रोज की आदतों पर भी ध्यान देना जरूरी है।
कई बार हम बिना सोचे समझे ऐसी छोटी-छोटी गलतियां कर देते हैं जिनकी असर हमारी सेहत पर पड़ता है। बाहर का खाना खाना, कम पानी पीना या पूरी नींद न लेना जैसी आदतें शरीर को कमजोर बना सकती हैं। अगर आप मानसून में खुद को स्वस्थ रखना चाहते हैं तो इन 5 गलतियों से बचने की कोशिश करें।
यह भी पढ़ें: पार्टनर के साथ रिश्ता मजबूत बनाने की 7 आदतें, प्यार के साथ बढ़ेगा भरोसा
1. बाहर का खुला और तला भुना खाना खाना
बरसात के मौसम में बाहर मिलने वाला खुला खाना जल्दी खराब हो सकता है। ऐसे खाने में बैक्टीरिया और वायरस पनपने का खतरा रहता है जिससे पेट खराब होने और इंफेक्शन की समस्या हो सकती है। कोशिस करें कि घर का ताजा और साफ खाना ही खाएं।
2. कम पानी पीना
बारिश के मौसम में लोगों को कम प्यास लगती है। इसलिए कई लोग पानी कम पीते हैं लेकिन क्या आपको पता है ऐसा करने से शरीर कमजोर महसूस कर सकता है और कई स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं। मौसम चाहे कोई सा भी हो शरीर को हर मौसम में पर्याप्त पानी की जरूरत होती है।
3. फलों और हरी सब्जियों को बिना धोए खाना
फल और सब्जियों पर धूल, मिट्टी और कीटाणु हो सकते हैं। अगर इन्हें अच्छी तरह धोए बिना खाया जाए तो इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए हमेशा साफ पानी से धोकर ही इनका सेवन करें।
यह भी पढ़ें: महीने के आखिर में ऐसे बचा सकते हैं अपने पैसे, नहीं होगी पैसों की किल्लत
4. पूरी नींद न लेना
अगर आप रोज देर तक जागते हैं और पूरी नींद नहीं लेते तो इसका असर शरीर की बीमारियों से लड़ने की ताकत पर पड़ सकता है। रोज 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद लेना जरूरी है।
5. हल्की-फुल्की एक्सरसाइज भी न करना
बरसात में कई लोग घर से बाहर नहीं निकलते और पूरे दिन बैठे रहते हैं लेकिन रोज 20 से 30 मिनट टहलना, योग करना या हल्की एक्सरसाइज करना शरीर को फिट रखने में मदद करता है।
ध्यान रखें
इम्यूनिटी एक दिन में मजबूत नहीं होती। इसके लिए रोज अच्छे खानपान, पर्याप्त नींद, साफ-सफाई और नियमित एक्सरसाइज जरूरी है। अगर आपको लंबे समय से कोई बीमारी है या बार-बार इंफेक्शन हो रहा है तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।