दिल्ली के जंतर-मंतर पर
कॉकरोच जनता पार्टी
(CJP) लगभग डेढ़ महीने से प्रदर्शन कर रही है। 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान हुए हंगामे के बाद CJP की अगुवाई में फिर से मोर्चा लग गया है और तमाम दलों के नेताओं का साथ भी मिल रहा है। अब आगे की रणनीति के बारे में CJP के प्रवक्ता आशुतोष रंका ने कहा है कि उनकी लीडरशिप को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) या गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA का डर नहीं है और ना ही वे FIR से डरते हैं। उनका साफ कहना है कि बिना अपनी मांगें मनवाए वे हटने वाले नहीं हैं। CJP का कहना है कि 20 जुलाई को जो हुआ वह सिर्फ ट्रेलर और अगर सरकार नहीं मानी तो देश के युवा उन्हें बहुत बुरी तरह हटाएंगे।
सोमवार को जंतर-मंतर से संसद के लिए हुए मार्च के बारे में CJP के प्रवक्ता आशुतोष रंका ने कहा है कि 20 जुलाई को जो कुछ हुआ, वह सिर्फ ट्रेलर है। बता दें कि मंगलवार को CJP ने फिर से मार्च का एलान किया था लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया गया। मंगलवार को ही
राहुल गांधी
भी प्रधानमंत्री आवास के पास धरने पर बैठ गए थे। पुलिस और सुरक्षा बलों ने बड़ी मशक्कत के बाद उन्हें वहां से हटाया।
यह भी पढ़ें: 2011 vs 2026: अन्ना आंदोलन के समय कांग्रेस ने जो किया, वैसी ही गलती कर रही BJP?
क्या बोले CJP के प्रवक्ता?
आगे का प्लान बताते हुए CJP के प्रवक्ता आशुतोष रंका ने कहा है, 'भारत के इतिहास में आजादी के बाद यह सबसे बड़ा आंदोलन है। कोई भी इस देश के छात्रों को कमतर नहीं आंक सकता है। 20 जुलाई के बाद 36 घंटे हो चुके हैं लेकिन अभी भी लाखों छात्र दिल्ली की सड़कों पर हैं जो चाहते हैं कि छात्रों की बात मानी जाए। 20 जुलाई को जो हुआ वह ट्रेलर था। अगर सरकार बात नहीं मानती है तो लाखों लोग और आएंगे। इस बार हम रुकेंगे नहीं, हम चुप नहीं रहेंगे। हमने बहुत कुछ देखा है कि पुलिस ने कैसे बर्ताव किया है। सरकार को अपनी हरकतें सुधारने की जरूरत है, वरना इस देश के युवा उन्हें हटाएंगे और बहुत बुरी तरह हटाएंगे।'
आशुतोष रंका ने आगे कहा, 'हमने कब कहा कि हम शांत नहीं रहेंगे? इससे ज्यादा कौनसा आंदोलन शांतिपूर्ण होगा? 31 दिन से हम लोग जंतर-मंतर पर बैठे हुए हैं, आप एक घटना बताइए जो शांतिपूर्वक न हो। नैरेटिव बनाने की कोशिश हो रही है। मार्च भी शांतिपूर्वक था। वहीं शांति भंग हुई जहां पुलिस ने बुरी तरह से युवाओं को मारा-पीटा।'
यह भी पढ़ें: 'बात काटने का सवाल ही नहीं, माफी मांगता हूं', हनुमानगढ़ी पर बृजभूषण का यू टर्न
'BJP के लोग भी साथ आएं'
उन्होंने आगे कहा है, 'हमने एक बहुत स्पष्ट मांग रखी है कि किसी भी प्रदर्शनकारी पर हम कोई एफआईआर नहीं होने देंगे। उसके बिना यह प्रदर्शन खत्म नहीं होगा। जहां तक बात हमारी लीडरशिप की बात है तो हमें किसी FIR से डर नहीं लगता है। हम पहले दिन से UAPA में, NSA में अरेस्ट होने को तैयार हैं। हमें पता है कि जिस देश के लिए हम लड़ रहे हैं, उसके लिए हमारा जेल जाना बहुत छोटी चीज है। देश एकजुट हो रहा है। अब हमें चाहिए हर पार्टी के लोग साथ आएं। बीजेपी के लोगों को भी साथ आना चाहिए। हमारे लिए युवाओं के मुद्दे उठना जरूरी है।'
राहुल गांधी के अलग से धरने पर बैठने को लेकर पूछे गए सवाल पर आशुतोष ने कहा कि युवाओं के मुद्दे उठना अहम है, चाहे कोई CJP के बैनर तले कर रहा है या अलग से कर रहा है। बता दें कि अभी भी धरना जारी है और
सोनम वांगचुक
अब मेदांता अस्पताल में भर्ती है।