बिहार के बांका जिले के अमरपुर से एक चौंकाने वाल मामला सामने आया है। यहां मंदिर में चोरी के आरोप में गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। हथकड़ी खोलकर चौकीदारों को चकमा देकर भाग निकला। आरोपी के फरार होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी से लेकर थानाध्यक्ष तक दौड़ पड़े। करीब 5 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने उसे भीखनपुर गांव के पास एक बगीचे से दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
मामला अमरपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव का है। गांव के मंदिर से चांदी और सोने के जेवरात चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मंदिर के पुजारी ने थाने में आवेदन देकर बताया था कि मंदिर से भगवान के मुकुट, छत्र और अन्य आभूषण गायब हैं। जांच के दौरान करीब ढाई किलो चांदी और 10 ग्राम सोने के आभूषण गायब होने की बात सामने आई। यह आभूषण काफी कीमती थे और कई साल पुराने थे।
यह भी पढ़ें: गर्मी भी लग रही और जुकाम भी हो रहा है, डॉक्टर से समझें इसके पीछे की वजह
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गोपालपुर गांव के ही रिसयम कुमार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने चोरी की बात कबूल कर ली थी। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने से पहले स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जा रही थी। इसी दौरान उसने हथकड़ी खोलकर भाग निकला।
घेराबंदी कर पुलिस ने दोबारा पकड़ा
आरोपी के साथ दो चौकीदार थे। आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही अमरपुर थाना पुलिस में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष ने तुरंत इसकी सूचना एसपी को दी। एसपी के निर्देश पर पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी गई। पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुट गईं। ड्रोन और डॉग स्क्वायड की भी मदद लेने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही पुलिस को सफलता मिल गई। पुलिस ने बताया कि करीब पांच घंटे की तलाश के बाद भीखनपुर गांव के पास एक बगीचे से उसे दोबारा पकड़ लिया गया।
यह भी पढ़ें: हरियाणा: नौकरी पक्की कराने के लिए पैदल मार्च, रोकती रही पुलिस; आगे बढ़ते रहे टीचर
जेवरात खरीदने वाले ज्वेलर्स भी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार चोरी के जेवरात अमरपुर बाजार के तीन ज्वेलर्स को बेचे गए थे। पुलिस ने अमरपुर बाजार के तीन ज्वेलर्स बाबूलाल पोद्दार, गौरव कुमार और मनोज पोद्दार को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के जेवरात का कुछ हिस्सा बरामद किया गया।