राघव चढ्ढा के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के सात सांसदों ने पार्टी से बगावत करके बीजेपी में शामिल हो गए। इसमें पूर्व क्रिकेटर और 'आप' के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह भी शामिल हैं। हालांकि, इन सांसदों का आधिकारिक तौर पर बीजेपी में शामिल होना बाकी है। इन घटनाक्रमों के बीच पंजाब की भगवंत मान सरकार ने हरभजन सिंह की सुरक्षा वापस ले ली है।
हरभजन सिंह के निजी सहायक (PA) मनदीप सिंह के मुताबिक, पंजाब सरकार ने अचानक फैसला करते हुए हरभजन की पूरी पुलिस सुरक्षा वापस ले ली है। बताया गया है कि हरभजन सिंह के घर के बाहर 9-10 सुरक्षाकर्मी तैनात थे, जिन्हें अब हटा दिया गया है। इसके अलावा हरभजन सिंह को दी गई सरकारी पायलट कार भी वापस ले ली है।
यह भी पढ़ें: AAP कार्यकर्ताओं ने बागी सांसदों के घर के बाहर लिख दिया ’गद्दार’, जलाया पुतला
हरभजन सिंह का नहीं आया बयान
दरअसल, राघव चढ्ढा ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा था कि आम आदमी पार्टी के 10 राज्यसभा सांसदों में से 7 सांसद पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा था कि सभी सांसद बीजेपी के संपर्क में हैं। इन सबसे बीच में हरभजन सिंह ने अब तक इन घटनाक्रमों पर कोई बयान नहीं दिया है।
हरभजन सिंह की सुरक्षा वापस लिया जाना साफ तौर पर इस ओर इशारा कर रहा है कि आम आदमी पार्टी इस टूट से हिल गई है और अपनी ओर से कार्रवाई कर रही है। इससे पहले शनिवार को हरभजन सिंह के घर के बाहर काले रंग से 'पंजाब का गद्दार' लिखा गया था। इसका वीडियो भी सामने आया जिसमें कुछ लोग काले रंग के स्प्रे पेंट से घर की दीवार पर गद्दार लिख रहे हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में विधानसभा चुनाव क्यों हारी थी AAP? राघव चड्ढा ने अब बताई वजह
भगवंत मान ने गद्दार बताया
बता दें कि शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर इस टूट के खिलाफ प्रदर्शन किया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पार्टी छोड़ने वाले सांसदों पर तीखा हमला करते हुए उन्हें गद्दार बताया है।