राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि साल 2023 में पूरे देश में 24,678 रेल हादसों में 21,803 लोगों की जान गई। ट्रेन के पटरी से उतरने का इकलौता मामला आंध्र प्रदेश में सामने आया था। इसमें 14 यात्रियों ने अपनी जान गंवाई थी। ट्रेन हादसों में सबसे अधिक 3,445 मौतें महाराष्ट्र और 3149 लोगों की जान उत्तर प्रदेश में गई हैं। तीसरे स्थान पर तमिलनाडु का नंबर है। यहां 1931 लोगों की मौत हुई।
पश्चिम बंगाल में 1863, बिहार में 1696, मध्य प्रदेश में 1334, हरियाणा में 1131, राजस्थान में 947, पंजाब में 917 और आंध्र प्रदेश में 1143 लोगों की जान गई। मगर एनसीआरबी का डेटा बताता है कि सड़क परिवहन की तुलना में रेल का सफर अधिक सुरक्षित है। आइये जान जानते हैं कि सबसे अधिक मौतें कौन से वाहन से होती है। रेल की तुलना में परिवहन के अन्य साधन कितने सुरक्षित हैं?
पैदल चलना खतरनाक: देश की सड़कों पर पैदल चलना रेल से यात्रा करने की तुलना में अधिक खतरनाक है। यह हम नहीं बल्कि एनसीआरबी का डेटा बता रहा है। साल 2023 में ट्रेन हादसों में कुल 21,803 लोगों ने अपनी जान गंवाई। वहीं सड़क पर पैदल चलने वाले 27,586 व्यक्तियों की मौत हुई। वहीं 54,280 लोग घायल भी हुए।
यह भी पढ़ें: 'नशे में थे, सड़क हादसे में मौत हुई', पत्रकार राजीव की मौत पर बोली SIT
नॉन मोटराइज्ड वाहन भी सुरक्षित नहीं: देशभर में नॉन मोटराइज्ड वाहनों से हुए हादसे में 34,761 लोगों की मौत रिकॉर्ड की गई। ट्रेन हादसे की तुलना में यह आंकड़ा 12,958 अधिक है। लगभग 68,106 व्यक्ति घायल हुए। इसकी तुलना में ट्रेन हादसों में सिर्फ 3,014 लोग घायल हुए।
दोपहिया वाहन से सबसे अधिक मौतें: बाइक का सफर सुहाना है, लेकिन सुरक्षित नहीं। 2023 में सबसे अधिक मौतें बाइक हादसों में हुई हैं। कुल 79,533 लोगों ने अपनी जान गंवाई। 2.10 लाख लोग घायल हुए। ट्रेन हादसों में मरने वालों की तुलना बाइक से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या तीन गुना से भी ज्यादा है। सड़क हादसों में जान गंवाने वाला हर दूसरा व्यक्ति बाइक सवार था।

मौत के मामले में ट्रैक्टर से आगे ऑटो रिक्शा: मालवाहक वाहनों से हुए हादसों में 1,286 की मौत और 2,665 लोग घायल हुए। तिपहिया वाहन और ऑटो रिक्शा एक्सीडेंट में 7,160 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। वहीं ट्रैक्टर से 3,565 लोगों की मौत हुई।
ट्रेन से अधिक कार से गईं जानें: ट्रेन की तुलना में कार हादसों में अधिक लोग जान गंवाते हैं। 2023 में कार हादसों में 24,776 व्यक्तियों की मौत हुई। ट्रेन की तुलना में करीब 3 हजार अधिक लोगों ने अपनी जिदंगी गंवाई है। बस हादसों में मरने वालों का आंकड़ा 5,033 है। वहीं 13,823 व्यक्तियों ने ट्रक, मिनी ट्रैक और लॉरी से जान गंवाई।
यह भी पढ़ें: ऑनलाइन गेमिंग पर नकेल कसने वाले नियम तैयार, पढ़िए ड्राफ्ट में क्या है
कितनी सुरक्षित हमारी साइकिल?
अधिकांश लोग साइकिल को बेहद सुरक्षित मानते हैं, लेकिन हर साल सैकड़ों लोगों को साइकिल हादसों में अपनी जिदंगी से हाथ धोना पड़ता है। 2023 में साइकिल हादसे में कुल 3,367 लोगों की मौत हुई। 406 लोग साइकिल रिक्शा और 278 मौतें तांगा व बैलगाड़ी से हुई।