TMC के 20 बागी सांसद क्या परिसीमन पर वोट दे सकेंगे? स्पीकर का फैसला अहम
अयोग्यता की कार्यवाही झेल रहे TMC के 20 बागी सांसदों के पास वोट का अधिकार बना हुआ है। स्पीकर का फैसला संविधान संशोधन के गणित पर असर डाल सकता है।

TMC से बगावत कर सायनी घोष NCPI में चली गईं थीं। Photo Credit: Sansad TV
संसद में परिसीमन विधेयक पर केंद्र सरकार बड़ी तैयारी में जुटी है। सरकार अगले हफ्ते संसद में संविधान संशोधन विधेयक के साथ लौटने की तैयारी में है। इसे पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत चाहिए। ऐसे में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 20 सांसदों का मामला अहम हो गया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के सामने इन सांसदों की अयोग्यता की कार्यवाही चल रही है। इन सांसदों की सदस्यता और वोट देने का अधिकार संख्या के गणित को प्रभावित कर सकता है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के मुताबिक अयोग्यता याचिका लंबित रहने से सांसद की सदस्यता या वोट देने का अधिकार नहीं रुकता। जब तक स्पीकर वोटिंग से पहले अयोग्य घोषित करने का आदेश नहीं देते, ये 20 सांसद संसद की कार्यवाही में हिस्सा ले सकते हैं। बाद में अयोग्य ठहराए जाने पर भी इस दौरान डाले गए वोट अपने आप अमान्य नहीं होंगे।
यह भी पढ़ें: विपक्ष की बैठक से सुप्रिया सुले की दूरी, परिसीमन बिल का समर्थन करेगी पार्टी
TMC के बागी सासंदों का मुद्दा क्या है?
20 सांसद जून में TMC से बगावत कर अलग हुए थे। उन्होंने नेशनलिस्ट सिटीजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय का एलान किया था। यह पार्टी गुमनाम थी, अचानक सुर्खियों में आ गई। यह पार्टी सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का समर्थन करती है।
TMC के लोकसभा नेता अभिषेक बनर्जी ने इसके बाद स्पीकर से दलबदल विरोधी कानून के तहत इन सांसदों को अयोग्य ठहराने की मांग की। करीब छह महीने बाद भी कार्यवाही पूरी नहीं हुई है। सभी 20 सांसदों ने 24 नवंबर को अलग-अलग जवाब दाखिल कर अपने फैसले का बचाव किया है।
पुरानी TMC की परेशानी क्या है?
ममता बनर्जी
के नेतृत्व वाली TMC परेशान है। सांसद सागरिका घोष ने देरी पर सवाल उठाया है। उनका आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट के जल्द फैसले के निर्देश के बावजूद स्पीकर ने याचिकाओं पर फैसला नहीं किया। उन्होंने यह भी पूछा है कि याचिकाएं लंबित रहते ये सांसद विधेयक पर वोट दे सकेंगे या नहीं और बाद में अयोग्य होने पर उनके वोट मान्य रहेंगे या नहीं।
यह भी पढ़ें: 'हमारा रुख नहीं बदला', परिसीमन बिल पर स्टालिन ने लिखा लंबा-चौड़ा पोस्ट
विलय का दावा टिकेगा या नहीं?
सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता और संविधान विशेषज्ञ शुभम गुप्ता ने कहा, 'संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अयोग्यता की याचिकाओं पर फैसला लोकसभा अध्यक्ष करते हैं। पैराग्राफ 6 के मुताबिक उनका फैसला अंतिम होता है, लेकिन अदालतें उसकी न्यायिक समीक्षा कर सकती हैं। चुनाव आयोग की इसमें कोई भूमिका नहीं है। पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न से जुड़े विवाद पर उसका अधिकार अलग मामला है।'
कहां पेच फंसा है?
सवाल उठ रहे हैं कि क्या बागी सांसदों को 10वीं अनुसूची के पैराग्राफ 4 का संरक्षण मिल सकता है। इसके तहत मूल पार्टी के किसी दूसरी पार्टी में विलय पर सांसद अयोग्य नहीं होते, बशर्ते विधायक दल के कम से कम दो-तिहाई सदस्य इससे सहमत हों। TMC के 28 लोकसभा सांसदों में से 20 यह संख्या पूरी करते हैं।
एडवोकेट शुभम गुप्ता ने बताया कि मई 2023 में सुभाष देसाई मामले में सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों की संविधान पीठ ने साफ किया था कि विलय मूल राजनीतिक पार्टी का होना चाहिए। सिर्फ दो-तिहाई विधायकों के अलग हो जाने से विलय साबित नहीं होता।
एडवोकेट शुभम गुप्ता:-
स्पीकर को देखना होगा कि मूल TMC का NCPI में विलय हुआ या 20 सांसदों ने बस अलग समूह बनाकर दूसरी पार्टी से नाता जोड़ा। बागी सांसद अपनी कार्रवाई को संवैधानिक रूप से सुरक्षित बता रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि कानून केवल विधायक दल तक सीमित विलय की अनुमति नहीं देता।
यह भी पढ़ें: फिर से परिसीमन बिल लाने की तैयारी, कहां से मिल सकता है दो तिहाई बहुमत?
देरी पर सुप्रीम कोर्ट का रुख क्या है?
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट ने 1992 के किहोटो होलोहन बनाम जाचिल्हू मामले में अयोग्यता तय करने के स्पीकर के अधिकार को सही ठहराया था। साथ ही कहा था कि उनका फैसला न्यायिक समीक्षा के दायरे में है और इस दौरान स्पीकर ट्रिब्यूनल की तरह काम करते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक 2020 के केशम मेघचंद्र सिंह बनाम स्पीकर, मणिपुर विधानसभा मामले में कोर्ट ने कहा कि अयोग्यता याचिकाओं पर आमतौर पर तीन महीने के भीतर फैसला होना चाहिए। असाधारण हालात इसका अपवाद हो सकते हैं। इसका मकसद यह है कि देरी से दलबदल विरोधी कानून का उद्देश्य ही खत्म न हो जाए।
अब तक इस मामले में हुआ क्या है?
अभिषेक बनर्जी की समयबद्ध फैसले की मांग वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सितंबर में आखिरी सुनवाई की थी। चीफ जस्टिस सूर्य कांत की अगुवाई वाली पीठ ने कोई तय समयसीमा नहीं दी, लेकिन तीन महीने के सिद्धांत का हवाला देते हुए जल्द फैसले की जरूरत बताई। सुभाष देसाई फैसले में कोर्ट ने यह भी कहा था कि अयोग्यता आगे के लिए लागू होती है। यह उस तारीख से नहीं मानी जाती, जब सदस्य ने कथित तौर पर अयोग्यता अर्जित की थी।
यह भी पढ़ें: परिसीमन बिल के लिए सांसदों को 150 करोड़ का ऑफर? संजय राउत का BJP पर आरोप
क्या परिसीमन विधेयक पर बात बन पाएगी?
17 अप्रैल को सरकार का संविधान संशोधन विधेयक गिर गया था। उपस्थित और मतदान करने वाले 528 सदस्यों में दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 वोट चाहिए थे, जबकि विधेयक को 298 वोट मिले। नया विधेयक लोकसभा की सीटें 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव रखता है। इससे 2029 के आम चुनाव से पहले संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का रास्ता खुलेगा।
NDA के पास फिलहाल करीब 320 सदस्य हैं। इसलिए सरकार को गठबंधन के बाहर से समर्थन और अनुकूल उपस्थिति की जरूरत होगी। 20 सांसद सदस्य बने रहे तो उनके पास वोट देने का अधिकार रहेगा। वोटिंग से पहले अयोग्य ठहराए गए तो सदन की प्रभावी सदस्य संख्या और दो-तिहाई का आंकड़ा बदल जाएगा लेकिन सरकार की अपनी ताकत भी घटेगी। इसी वजह से स्पीकर के फैसले का समय बेहद अहम माना जा रहा है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




