7 महीने से भी ज्यादा वक्त पहले परिसीमन बिल में किए जा रहे संशोधन को संसद की मंजूरी नहीं मिल पाई थी। वजह थी कि इस बिल के समर्थन में सरकार दो तिहाई सांसदों का समर्थन नहीं जुटा पाई थी। अब संसद का सत्र बुलाए जाने के बाद फिर से इस बिल को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। अगर इस बार सरकार इसे पास करा लेती है तो 2029 में ही लोकसभा की सीटें 850 करने और महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का रास्ता साफ हो जाएगा। रोचक बात यह है कि इन 7 महीनों में केंद्र सरकार ने कई विपक्षी दलों से संपर्क साधा है और कुछ ने बिल का समर्थन करने के संकेत भी दिए हैं। इसके बावजूद सवाल यही है कि अप्रैल 2026 में दो तिहाई बहुमत ना जुटा पाने वाली सरकार अब इस अंकगणित पर कैसे खरी उतर पाएगी?
परिसीमन के नियमों में बदलाव करने और सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए सरकार अप्रैल में कुल 3 बिल लाई थी। पहला था संविधान संशोधन (131वां) विधेयक, 2026 जिसके तहत संसद को परिसीमन की समय-सीमा और जनगणना के उपयोग से जुड़े नियम तय करने का अधिकार मिलेगा। इसी के जरिए संसद यह तय करेगी कि किस जनगणना के आधार पर परिसीमन होगा और यह कब से कब तक होगा। दूसरा है परिसीमन विधेयक 2026 जिसके तहत लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। तीसरा है संघ राज्यक्षेत्र विधि (संशोधन) विधेयक जिसके तहत विधानसभा वाले केंद्र शासित प्रदेशों में बदलाव किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: संसद सत्र खत्म नहीं हुआ फिर सांसदों को कैसे बुलाते हैं? नियम जानिए
DMK और NCP (SP) ने दिए संकेत
अप्रैल 2026 में जब यह बिल पास नहीं हो पाया था तब जिन विपक्षी दलों ने विरोध किया था, सरकार ने उनमें से ज्यादातर से संपर्क किया है। सबसे चौंकाने वाला नाम द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) का है। मोदी सरकार के मुखर विरोधियों में से एक DMK ने अब संकेत दिए हैं कि वह इस बिल का समर्थन कर सकती है। उसने कहा है कि अगर लोकसभा में उसकी 7.2 प्रतिशत सीटें बरकरार रहती हैं वह समर्थन करेगी। इसका मतलब है कि सरकार के पक्ष में एक झटके में 22 सांसदों का वोट बढ़ जाएगा। इसी तरह NCP (शरद पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने भी कहा है कि अगर बिल अच्छा हुआ तो समर्थन भी किया जा सकता है। इसका मतलब है कि लोकसभा में 8 और वोट बढ़ जाएंगे।
कयास लगाए जा रहे हैं कि समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी के कुछ सांसद अनुपस्थित रहकर सरकार की राह आसान कर सकते हैं। इसके अलावा, मुख्य विपक्षी कांग्रेस के कुछ सांसदों को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं कि वे अनुपस्थित रह सकते हैं। अगर ऐसा होता है कि सरकार के लिए दो तिहाई बहुमत हासिल करना और भी आसान हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलेगा संसद सत्र? किरेन रिजिजू ने बताया
क्या है दो तिहाई वोटों का गणित?
अप्रैल 2026 में परिसीमन बिल पर जब मतदान हुआ था तब कुल 528 वोट पड़े थे। बिल पास कराने के लिए 352 वोट चाहिए थे। तब बिल के पक्ष में 298 वोट ही पड़े और विरोध में 230 वोट पड़े। यानी यह बिल 54 वोटों के अंतर से गिर गया था। अब जहां सत्ताधारी बीजेपी की ओर से दावा किया जा रहा है कि वह महिला आरक्षण देकर ही रहेगी। वहीं, कांग्रेस का कहना है कि विपक्ष ने इस बिल को अप्रैल में भी पास नहीं होना दिया था और इस बार भी पास नहीं होने देगा। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि इन 7 महीनों में क्या बदला है जो सरकार में आत्मविश्वास आ गया है?
दरअसल, लोकसभा के सांसदों की कुल संख्या 543 है। अभी तीन सीटें खाली हैं तो यह संख्या 540 है। अगर सभी सांसद वोट डालते हैं तो बिल बास कराने के लिए 360 वोट चाहिए। सत्ताधारी नेशनल डेमोक्रैटिक अलायंस (NDA) के पास लोकसभा में कुल 320 सांसद हैं। इसका मतलब है कि कम से कम 40 वोट और चाहिए। अप्रैल से नवंबर के बीच सबसे बड़ा बदलाव तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसदों को लेकर हुआ है। इसी के सहारे वह 320 तक पहुंच पाया है।
यह भी पढ़ें: नोएडा में फुटपाथ पर बना दिए EV के बैटरी स्वैपिंग स्टेशन, पैदल चलने वाले परेशान
अब NDA को 40 अतिरिक्त वोटों के लिए जरूरत है कि बिल के समर्थन में कुछ और वोट बढ़ें और बिल के खिलाफ कुछ और वोट कम हों। मौजूदा तैयारी यह है कि DMK के साथ आ जाने से 22 सांसद आ जाएंगे। इसके अलावा, NCP (शरद पवार) के आ जाने से 8 और सांसद हो जाएंगे। इस तरह संख्या 350 तक पहुंच जाएगी। वाई एस आर कांग्रेस के बारे में भी चर्चा है कि उसके 4 लोकसभा सांसद भी समर्थन दे सकते हैं। इस तरह 354 वोट मिल जाएंगे।
अनुपस्थित होने वाला गणित क्या है?
अगर DMK समेत कई दल अनुपस्थित रहते हैं तो दो तिहाई का आंकड़ा और नीचे आ जाएगा। इस स्थिति में यह बिल आसानी से पास हो सकता है। अगर सिर्फ DMK अनुपस्थित रहे तो 346 वोटों की जरूरत होगी और सरकार आसानी से 332 वोट तक पहुंचेगी। इस स्थिति में उसे 14 अतिरिक्त वोट की जरूरत होगी।
अगर DMK के अलावा NCP (SP) भी अनुपस्थित रहे तो वोट देने वाले सांसदों की संख्या 510 होगी और दो तिहाई के लिए 320 वोट ही चाहिए होंगे। तब NDA के पास सिर्फ 16 वोट कम होंगे।
यह भी पढ़ें: 'विधानसभा चुनाव में RJD की तरफ से CM का ऑफर मिला', चिराग पासवान ने किया खुलासा
राज्यसभा में क्या होगा?
245 सदस्यों वाली राज्यसभा में NDA के कुल 142 सांसद हैं। दो तिहाई बहुमत के लिए कुल 161 वोट चाहिए। यानी अगर सरकार को यह बिल पास कराना है तो राज्यसभा में उसे 19 अतिरिक्त वोट चाहिए होंगे। DMK के पास राज्यसभा में 8 वोट हैं और NCP (SP) के पास सिर्फ 1 सांसद हैं। हालांकि, रोचक बात है कि वह इकलौते सांसद शरद पवार हैं और वह इन दिनों अस्पताल में भर्ती हैं।
ऐसे में सरकार को ऐसे और सांसदों के वोट की जरूरत होगी। यही वजह है कि इसे पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं और कई विपक्षी दलों के सांसदों को भी शंका की नजर से देखा जा रहा है।