कॉकरोच जनता पार्टी
(CJP) ने शनिवार को सेंट्रल दिल्ली में विरोध-प्रदर्शन बुलाया था। पार्टी की मांगें चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल, विशेष गहन पुनरीक्षण (
SIR
) को रद्द करना और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) नियुक्ति कानून को रद्द करना थीं। पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच बड़ी संख्या में CJP समर्थक पहुंचे। पुलिस ने उन्हें मौका मिलते ही हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन के दौरान करीब 200 दक्षिणपंथी और हिंदुत्ववादी संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता भी वहां पहुंचे। कुछ लोगों ने अपने परिचय में बताया कि वे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से हैं। इन्होंने CJP के खिलाफ और पुलिस के समर्थन में नारे लगाए। रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली पुलिस ने इन कार्यकर्ताओं को न हिरासत में लिया और न ही उन पर कोई कार्रवाई की। इससे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठे हैं।
दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने 'दिल्ली पुलिस तुम लट्ठ बजाओ, हम तुम्हारे साथ हैं' जैसे नारे लगाए। इस दौरान संघ से जुड़े लोगों ने प्रदर्शनकारियों पर हमला किया। इसके बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। दिल्ली पुलिस मूक दर्शक बनी खड़ी नजर आ रही है।
दिल्ली के राजीव चौक पर पुलिस ने बढ़ाई सख्ती। Photo Credit: Khabargaon
खबरगांव ने जब पुलिस से कार्रवाई न करने की वजह पूछी तो पुलिस ने कोई जवाब नहीं दिया। रिपोर्टर को वहां से जाने को कहा गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस सेंट्रल दिल्ली में शांति बनाए रखने की अपील कर रही थी और निष्पक्ष कार्रवाई की बात भी कह रही थी।