दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रह सकती है। बारिश जब नहीं हो तब मौसम में उमस बढ़ सकती है। बारिश की वजह से सोमवार को दिल्ली में कई उड़ानें बाधित रहीं, डायवर्ट किया गया। गुरुग्राम में भीषण जलजमाव है और लोग ट्रैफिक जाम से जूझते नजर आए। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी दिनभर बारिश होती रही।
मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम रह सकता है। मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को जारी अपनी प्रेस विज्ञप्ति में चेतावनी दी है कि गंगा के मैदानी इलाकों वाले राज्यों में मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तरी ओडिशा में मानसून संबंधी बदलावों का असर बारिश के तौर पर होगा। इन इलाकों में अगले कई दिन लगातार बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: वर्क फ्रॉम होम, स्कूल ऑनलाइन, बारिश से बेहाल गुरुग्राम में एडवाइजरी जारी
यूपी से बिहार तक कैसा रहेगा मौसम?
25 से 26 अगस्त के दौरान मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। अगले तीन से चार दिनों में बिहार और उत्तर प्रदेश में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। पिछले 24 घंटों में ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिमी मध्य प्रदेश में बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। यह बारिश जारी रह सकती है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में भी बादल छाए रह सकते हैं। कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। दिल्ली में उमस की स्थिति बनी रहेगी। नमी 85 फीसदी तक रह सकती है।
यह भी पढ़ें: SHO के पति ने सरकारी गाड़ी में अपनी SUV से मारी टक्कर, फिर पर्स लेकर भाग गया
किन राज्यों में खूब हुई है बारिश?
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, केरल, कर्नाटक, अरुणाचल प्रदेश, असम, नागालैंड, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी भारी बारिश हुई। ऐसी स्थितियां सोमवार को भी बन सकती हैं।
क्यों हो रही है बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक मनसून सामान्य से उत्तर की ओर स्थित है। कम दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटों में झारखंड और उत्तरी ओडिशा होते हुए उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। इसके असर से मध्य भारत, पूर्वी भारत और उत्तर-पश्चिम के कई हिस्सों में अच्छी खासी बारिश हो सकती है।