दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नई ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह एडवाइजरी ब्रिक्स सम्मेलन और 13 सितंबर को ही अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले इंडिया-अफगानिस्तान T20 मैच को लेकर जारी की गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रविवार के लिए स्टेडियम के अंदर और आसपास दोपहर 2 बजे से ट्रैफिक रोक, डायवर्जन और पार्किंग के नियम लागू किए हैं।
सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा, '13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में भारत-अफगानिस्तान T20 क्रिकेट मैच को देखते हुए स्टेडियम एरिया के अंदर और आसपास 2 बजे से ट्रैफिक रोक, डायवर्जन और पार्किंग के नियम लागू रहेंगे।'
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन एडवाइजरी
इसी बीच ट्रैफिक पुलिस ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को देखते हुए रविवार को 22 जगहों पर ट्रैफिक मार्गों में बदलाव किए हैं। साथ ही 35 से अधिक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित किए जाने की घोषणा की है। पुलिस ने यह एजवाइजरी विस्तृत परामर्श के बार जारी किया है। प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में हो रहे तीन दिवसीय ब्रिक्स सम्मेलन के आखिरी दिन रविवार को ये पाबंदियां सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक लागू रहेंगी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के लग्जरी होटल में मृत मिला AIR India का पायलट, कॉल करता रहा भाई
ये प्रमुख सड़कें रहेंगी प्रभावित
सेंट्रल और दक्षिण दिल्ली की कई प्रमुख सड़कें इससे प्रभावित होंगी। इनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, ए.पी.जे. अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग शामिल हैं।
तिलक मार्ग पर ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा
डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक पर मथुरा रोड और तिलक मार्ग पर ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा। पूर्वी और दक्षिण दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को बहादुर शाह जफर मार्ग और इंद्रप्रस्थ मार्ग से भेजा जाएगा और नई दिल्ली और कनॉट प्लेस की ओर जाने वाले वाहनों को सिकंदरा रोड से भेजा जाएगा।
राम चरण
अग्रवाल चौक से डब्ल्यू-पॉइंट की ओर वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को उनके गंतव्य के अनुसार इंद्रप्रस्थ मार्ग, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग या बहादुर शाह जफर मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा।
यह भी पढ़ें: 'मतभेद विवाद नहीं बनने चाहिए', भारत-चीन रिश्तों पर ऐसा क्यों बोले PM मोदी?
ट्रैफिक संबंधी पाबंदियां लागू
कनॉट प्लेस, पटेल चौक और राम मनोहर लोहिया अस्पताल के आसपास भी ट्रैफिक संबंधी पाबंदियां लागू रहेंगी। कनॉट प्लेस के आउटर सर्किल से कस्तूरबा गांधी मार्ग और जनपथ के रास्ते सी-हेक्सागन की ओर आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। दक्षिण दिल्ली में लोधी रोड के आसपास कई स्थानों पर पाबंदियां लगाई जाएंगी। इनमें लोधी रोड के अमृता शेरगिल मार्ग, मैक्स मूलर मार्ग, महर्षि रमण मार्ग और आर्कबिशप मकारियस मार्ग के साथ बने चौराहे शामिल हैं।
वाहनों को निर्धारित स्थानों से मोड़ा जाएगा
मथुरा रोड से भारत मंडपम की ओर आने वाले वाहनों को लोधी और ओबेरॉय फ्लाईओवर के नीचे निर्धारित स्थानों से मोड़ा जाएगा। वाहनों को लोधी रोड, नीला गुंबद और अन्य संपर्क मार्गों की ओर भेजा जाएगा, जबकि ओबेरॉय होटल और गोल्फ लिंक जाने वाले वाहनों को निर्धारित स्थान तक जाने की अनुमति होगी। परामर्श में नयी दिल्ली, पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी बताए गए हैं। यातायात पुलिस ने हवाई अड्डे जाने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करने की विशेष रूप से सलाह दी है।
मेट्रो के सभी स्टेशन से सेवाएं जारी रहेंगी
मेट्रो के सभी स्टेशन पर सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी, जबकि वीवीआईपी की आवाजाही के दौरान बसों के मार्ग बदले जा सकते हैं। टैक्सी और ऑटोरिक्शा को निर्धारित स्थानों को छोड़कर सड़क किनारे खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। आपातकालीन और चिकित्सा सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी और उन्हें दिल्ली में बिना किसी बाधा के आने-जाने दिया जाएगा। आवश्यक सेवाओं और जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े कार्यों पर कोई रोक नहीं होगी।
सार्वजनिक परिवहन इस्तेमाल करने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों और अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों की ओर जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से जाने की सलाह दी है। जिन वाणिज्यिक वाहनों का गंतव्य दिल्ली नहीं है, उन्हें शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियंत्रित सड़कों के 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर भी रोक रहेगी।
लोगों से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक माध्यमों से ताजा जानकारी लेते रहने और शिखर सम्मेलन के दौरान यातायात सुचारु रखने एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों के साथ सहयोग करने की अपील की गई है।