केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को एक संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है। इसका मकसद परिसीमन के जरिए महिला आरक्षण लागू करना है। परिसीमन (II) विधेयक, 2026 में हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इससे संसद और राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित की जा सकेंगी।
विधेयक के मुताबिक परिसीमन आखिरी प्रकाशित जनगणना के आधार पर होगा। विधेयक कानून बनने पर केंद्र सरकार परिसीमन आयोग बनाएगी। परिसीमन के बाद लोकसभा में सीटों की संख्या 850 तक हो सकती है। इनमें 815 सीटें राज्यों की और 35 सीटें केंद्रशासित प्रदेशों की होंगी।
यह भी पढ़ें: संसद सत्र खत्म नहीं हुआ फिर सांसदों को कैसे बुलाते हैं? नियम जानिए
विधेयक में क्या लिखा है?
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक विधेयक में कहा गया है कि लोकसभा में हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश को दी गई सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। इसी तरह हर राज्य की विधानसभा की कुल सीटें भी 50 प्रतिशत बढ़ेंगी। प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
ने शुक्रवार की कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की। इससे एक दिन पहले लोकसभा सचिवालय ने बताया था कि संसद का चार दिन का सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। यह सत्र 3 दिसंबर तक चल सकता है, हालांकि जरूरत पड़ने पर इसमें बदलाव हो सकता है।
सरकार को अप्रैल 2026 में पहली बार बड़ा झटका लगा था, जब यह विधेयक विपक्ष की वजह से रुक गया था। विपक्ष का कहना था कि सभी राज्यों में समान बढ़ोतरी का वादा भाषणों में किया गया, लेकिन विधेयक में इसका जिक्र नहीं था। अब सरकार ने एक बार फिर इसे पास कराने की योजना बनाई।
अप्रैल में क्या हुआ था?
17 अप्रैल को लोकसभा में 131वां संविधान संशोधन विधेयक पास नहीं हो सका था। यह विस्तारित बजट सत्र की तीन दिन की विशेष बैठक के दौरान हुआ। विधेयक में लोकसभा की सीटों की सीमा 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव था। इसमें राज्यों से 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य होने थे। साथ ही 2029 के चुनाव तक महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का लक्ष्य था। फिलहाल लोकसभा में 543 सदस्य हैं।
उस समय विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। इसे पास कराने के लिए उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई यानी 352 वोट चाहिए थे। 2014 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सत्ता में आने के बाद यह पहला मौका था, जब सरकार का लाया संविधान संशोधन विधेयक गिर गया।
यह भी पढ़ें: TMC के 20 बागी सांसद क्या परिसीमन पर वोट दे सकेंगे? स्पीकर का फैसला अहम
विवाद की जड़ क्या थी?
गृह मंत्री अमित शाह ने आखिरी समय में हर राज्य की सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने की पेशकश की थी। इसके बावजूद एकजुट विपक्ष ने विधेयक को रोक दिया। इसके बाद सरकार ने इससे जुड़े दो और विधेयक वापस ले लिए, जिन्हें पास कराने के लिए साधारण बहुमत ही चाहिए था। सबसे बड़ा विवाद यह था कि अतिरिक्त सीटें राज्यों के बीच कैसे बंटेंगी।
अनुमान था कि 2011 की जनगणना के आधार पर सभी 850 सीटें बांटी गईं तो लोकसभा में दक्षिणी राज्यों की हिस्सेदारी घट सकती है। आलोचकों का कहना था कि आबादी के कारण उत्तर भारत को ज्यादा सीटें मिल सकती हैं। दक्षिण भारत देश की जीडीपी में करीब 30 से 31 प्रतिशत योगदान देता है। दक्षिणी राज्य बार-बार कह चुके हैं कि ऐसे बदलाव का आधार सिर्फ आबादी नहीं होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: विपक्ष की बैठक से सुप्रिया सुले की दूरी, परिसीमन बिल का समर्थन करेगी पार्टी
इस बार क्या है चुनौती?
सरकार ने तब भरोसा दिलाया था कि हर राज्य की सीटें एक ही अनुपात में बढ़ेंगी लेकिन तीनों विधेयकों के पाठ में तय अनुपात या हर राज्य की हिस्सेदारी स्थिर रखने का साफ जिक्र नहीं था। विपक्ष ने कहा था कि महिला आरक्षण का समर्थन है, लेकिन परिसीमन विधेयक का नहीं।
विपक्षी नेताओं का आरोप था कि सरकार के वादे सदन में बोले गए पर विधेयकों में लिखे नहीं गए। सत्ता पक्ष ने कहा था कि विपक्ष का रुख महिला सशक्तीकरण के खिलाफ है।
इस बार भी NDA के पास अकेले दो-तिहाई बहुमत नहीं है, जो संविधान संशोधन विधेयक के लिए जरूरी है। इसलिए सरकार की कोशिश तटस्थ दलों और फैसला न लेने वाले दलों में खड़े सदस्यों के समर्थन पर निर्भर करेगी। हर वोट और हर गैरहाजिरी की अहमियत होगी।