logo

मूड

ट्रेंडिंग:

SIR पर देशभर में मचे बवाल के बीच चुनाव आयोग ले आया SSR, समझिए क्या है यह

देशभर में SIR को रद्द करने की मांग को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच चुनाव आयोग ने 17 राज्यों में SSR करवाने के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है।

Special Summary Revision  चुनाव आयोग

वोटर लिस्ट, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

देशभर में विशेष गहन पुनरीक्षण ( SIR ) को लेकर जमकर बवाल हो रहा है। दिल्ली से लेकर अलग-अलग राज्यों तक लोग SIR को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस बीच अब चुनाव आयोग ने SSR यानी स्पेशल समरी रिवीजन 2027 का शेड्यूल जारी कर दिया है। नाव आयोग ने गुरुवार को 17 राज्यों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण करवाने का ऐलान किया और यह उन 17 राज्यों में होगा जिनमें SIR प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इन राज्यों में वे राज्य भी शामिल हैं, जिनमें अगले साल की शुरुआत में चुनाव होंगे। 

 

चुनाव आयोग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इन 17 राज्यों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा भी शामिल हैं। इन पांचों राज्यों में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होंगे। इन राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को लिखे एक पत्र में, चुनाव आयोग ने कहा कि इस प्रक्रिया के लिए 1 जनवरी 2027 निर्धारित कट-ऑफ तारीख होगी।

 

यह भी पढ़ें: 'पिज्जा से ज्यादा तेजी से चिट्टा पहुंच रहा', AAP और BJP पर भड़के सचिन पायलट

SSR और SIR में क्या अंतर?

SIR यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन में चुनाव आयोग मतदाता सूची की गहराई से जांच करता है, ताकि मतदाता सूची में सिर्फ पात्र मतदाता ही रहें। वहीं, SSR यानी स्पेशल समरी रिवीजन नियमित प्रक्रिया है, जिसके तहत मौजूदा मतदाता सूची को अपडेट किया जाता है। इसमें नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम-पते या अन्य जानकारियों में सुधार करने और नियमों के मुताबिक अपात्र वोटरों को हटाने का काम होता है। आसान शब्दों में कहें तो SIR में मतदाता सूची की गहन जांच होती है, जबकि SSR में सूची को नियमित रूप से दुरुस्त और अपडेट किया जाता है।

 

इन राज्यों में बाद में होगा SIR

चुनाव आयोग ने बताया कि जिन राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों में जहां SIR चल रहा है या अभी-अभी पूरा हुआ है, उनके लिए SSR का शेड्यूल बाद में घोषित किया जाएगा। इन राज्यों में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली, ओडिशा, सिक्किम, त्रिपुरा और तेलंगाना शामिल हैं। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर और लद्दाख में अभी SIR शुरू नहीं हुआ है और इन तीनों जगहों पर मौसम की स्थिति को देखते हुए रोल रिवीजन का शेड्यूल नियत समय में घोषित किया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: हरियाणा में नशे के खात्मे का ब्लू प्रिंट तैयार, पुलिस अफसरों की जवाबदेही होगी तय

क्या है SSR शेड्यूल?

चुनाव आयोग 12 नवंबर को वोटर लिस्ट की शुरुआती सूची जारी करेगा। इसके बाद 11 दिसंबर तक लोग अपना नाम जुड़वाने, हटवाने या किसी गलती को ठीक करवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। सभी आवेदनों और आपत्तियों का निपटारा करने के बाद 4 जनवरी 2027 को फाइनल वोटर लिस्ट जारी होगी।

 

खास बात यह है कि 2027 में 18 साल के होने वाले युवा भी पहले से अपना आवेदन जमा कर सकेंगे। इसके लिए 1 जनवरी के अलावा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं को भी आवेदन करने का मौका मिलेगा। यानी जो युवा अगले साल किसी भी तिमाही में 18 साल के होंगे, वे पहले से वोटर बनने के लिए फॉर्म भर सकते हैं। चुनाव आयोग ने SSR का यह शेड्यूल ऐसे समय में जारी किया है जब देशभर में चुनाव आयोग को लेकर बवाल मचा हुआ है। 

Related Topic:#election commission

और पढ़ें