logo

मूड

ट्रेंडिंग:

असम और बंगाल में BJP की प्रचंड जीत, तमिलनाडु में विजय सत्ता के करीब

पांच राज्यों के चुनाव नतीजे आ चुके हैं। तमिलनाडु में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला है। मगर विजय की पार्टी टीवीके सत्ता के बेहद करीब है। असम और बंगाल में बीजेपी को प्रचंड जीत मिली है। केरल में कांग्रेस ने लेफ्ट का सूपड़ा साफ कर दिया है।

PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (Photo Credit: PTI)

शेयर करें

google_follow_us

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को तीन प्रदेशों में सत्ता में आने का मौका मिला। असम में लगातार तीसरी बार बीजेपी की वापसी हुई है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मस्थली बंगाल में बीजेपी आजादी के बाद पहली बार सत्ता तक पहुंची है। केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी जनता ने एनडीए के पक्ष में फैसला सुनाया। केरल में पिछले एक दशक से चली आ रही लेफ्ट की सत्ता का अंत हो गया है। यहां कांग्रेस की अगुवाई वाले यूडीएफ ने बहुमत हासिल किया है। तमिलनाडु में सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। यहां अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी ने सबसे बड़ी जीत हासिल की है। 

बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत

पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की। सोमवार रात साढ़े नौ बजे तक पार्टी 174 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी थी। 34 सीटों पर आगे चल रही थी। टीएमसी 59 सीटों पर जीती और 20 पर आगे थी। कांग्रेस और हुमायूं कबीर की पार्टी ने दो-दो सीटों पर बाजी मारी। सीपीएम और एआईएसएफ को एक-एक सीट पर जीत मिली।

 

यह भी पढ़ें: Live: बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी, सरकार बदलेगी या नहीं? नतीजे आज

 

 

भवानीपुर सीट पर बीजेपी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने सुवेंदु अधिकारी को उतारा था। कांटे की टक्कर में सुवेंदु ने ममता बनर्जी को पांच साल में दूसरी बार सियासी शिकस्त दी। 2021 में भी सुवेंदु ने ममता बनर्जी को नंदीग्राम विधानसभा से चुनाव हरा चुके हैं। 

असम: लगातार तीसरी बार बीजेपी सत्ता में

असम विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने हिमंता बिस्वा सरमा की अगुवाई में लगातार तीसरी बार जीत हासिल की। इस बार पार्टी का प्रदर्शन पिछले चुनाव से भी बेहतरीन रहा। 2021 में जहां बीजेपी को 60 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं अबकी बार 81 सीटों पर जीत हासिल की। देर रात तक एक सीट पर बढ़त बना रखी थी। 

 

कांग्रेस ने 18 सीटों पर कब्जा जमाया और एक पर बढ़त हासिल की। 2021 में कांग्रेस ने असम में 26 सीटें जीती थी। बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट और असम गण परिषद को 10-10 सीटों पर सफलता मिली। एआईयूडीएफ और रायजोर दल ने दो-दो सीटों पर बाजी मारी। तृणमूल कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली। 

 

कांग्रेस के सीएम चेहरा और मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई अपनी सीट भी नहीं बचा सके। उन्हें जोरहाट विधानसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने 23182 मतों से हराया है। 

तमिलनाडु: पहले चुनाव में विजय ने इतिहास रचा 

अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके ने अपने पहले चुनाव में इतिहास रच दिया। उनकी पार्टी को रात साढ़े नौ बजे तक 95 सीटों पर जीत मिल चुकी थी और 12 पर बढ़त बना रखी थी। दो साल पहले गठित विजय की पार्टी की प्रचंड जीत की हर तरफ चर्चा है।  सत्तारुढ़ डीएमके ने 50 सीटों पर जीत हासिल की। 10सीटों पर उसे बढ़त मिली। अंतिम नतीजे आने पर सीटों की संख्या कम या ज्यादा हो सकती है। 

 

यह भी पढ़ें: 'अपने पाप को कभी धूल नहीं पाएगी', बंगाल जीत के बाद PM मोदी सपा पर क्यों बरसे?

 

एआईएडीएमके ने 42 सीटों पर जीत और 5 पर बढ़त बना रखी है। कांग्रेस ने चार सीटों पर जीत हासिल की। एक और सीट पर बढ़त बनाई है। पांच अन्य दलों को दो-दो सीटों पर जीत मिली। तीन दलों ने एक-एक सीट पर कब्जा जमाया। विजय की पार्टी का जादू इतना चला कि तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन खुद भी चुनाव हार गए।

केरल में लेफ्ट साफ

यहां लेफ्ट की 10 साल की सत्ता का अंत हो गया। कांग्रेस की अगुवाई में यूडीएफ ने प्रचंड जीत हासिल की। कांग्रेस ने प्रदेश की 140 विधानसभा सीटों में से 63 पर जीत हासिल की। सीपीएम ने 26 सीटों पर कब्जा जमाया है। मुस्लिम लीग के खाते में कुल 22 सीटें आई हैं। हालांकि उसने सिर्फ 27 सीटों पर ही अपने प्रत्याशी उतारे थे। सीपीआई ने आठ, केरल कांग्रेस ने 7, आरएसपी और बीजेपी ने 3-3, चार दलों ने चार-चार और चार ही सीटों पर निर्दलीयों ने जीत हासिल की।

पुडुचेरी में एनडीए सत्ता में

पुडुचेरी की सत्ता में एनडीए की वापसी हो गई है। प्रदेश की कुल 30 विधानसभा सीटों में से 11 पर AINRC ने जीत हासिल की। डीएमके के खाते में पांच सीटें आई हैं। बीजेपी ने चार और विजय की पार्टी टीवीके ने दो सीटों पर कब्जा जमाया है। तीन सीटों पर निर्दलीयों का दबदबा देखने को मिला। कांग्रेस और एडीएमके ने एक-एक सीटों पर जीत हासिल की।

 


और पढ़ें