कॉकरोच जनता पार्टी
(CJP) के संस्थापक
अभिजीत दीपके
ने गुरुवार को देशभर में 'संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' आंदोलन शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने नागपुर में संविधान दिवस पर हुई रैली में लोगों से लोकतांत्रिक अधिकारों, चुनावी आजादी और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की।
कॉकरोच जनता पार्टी की रैली में अभिनेता प्रकाश राज भी शामिल हुए। उन्होंने असहमति और अभिव्यक्ति की आजादी की रक्षा की मांग की। गुरुवार शाम को सभा को हिंदी और मराठी में संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने लोगों से बाबासाहेब आंबेडकर के आदर्शों पर चलने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: CJP नेता सौरव दास पर कसा शिकंजा, महाराष्ट्र पुलिस की मांग पर LOC जारी
आंदोलन क्यों शुरू किया गया?
अभिजीत दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर के पिछले प्रदर्शन ने युवाओं को अपनी बात रखने का मंच दिया था। उन्होंने कहा, 'तुम्हारे पास ताकत है, हमारे पास संविधान है।' उन्होंने युवाओं से आगे आने की अपील की। अभिजीत दीपके बुधवार से नागपुर में थे और रैली की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने सुबह नागपुर की दीक्षाभूमि पर भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। यहीं 1956 में भीम राव आंबेडकर और उनके अनुयायियों ने बौद्ध धर्म अपनाया था।
चुनाव और प्रोटेस्ट पर अभिजीत दीपके ने क्या कहा?
अभिजीत दीपके ने सरकार से चुनावी गड़बड़ियों पर सवाल पूछे। इनमें मतदान के आखिरी घंटे में वोटों की गिनती में अंतर और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोप शामिल हैं। अभिजीत दीपके ने महाराष्ट्र सरकार के उस कथित कदम पर भी सवाल उठाया, जिसमें अध्यादेश के जरिए गोकुल डेयरी चुनाव का नतीजा पलटने की बात कही गई है। उन्होंने पूछा कि ऐसे दखल का बड़े चुनावों पर क्या असर होगा।
मुंबई पुलिस के कथित लुकआउट नोटिस का जिक्र करते हुए अभिजीत दीपके ने कहा कि वह नागपुर में हैं और प्रदर्शन जारी रखेंगे। उन्होंने समर्थकों से एकजुट रहने और हिरासत में लिए जाने पर भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते रहने को कहा।
यह भी पढ़ें: दिल्ली-मुंबई नहीं, कोच्चि में CJP का SIR के खिलाफ मार्च, तैयारी क्या है?
क्या मांग कर रहे हैं अभिजीत दीपके?
अभिजीत दीपके ने मंत्रिमंडल में और पार्टियों के टिकट बंटवारे में महिलाओं को 50 प्रतिशत हिस्सेदारी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि भीमराव आंबेडकर की विरासत को सभी समुदायों में मान्यता मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान की वजह से साधारण पृष्ठभूमि के लोग भी सर्वोच्च पदों तक पहुंचे हैं। उदाहरण के तौर पर उन्होंने प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
का नाम लिया। गढ़चिरौली के दौरे का जिक्र करते हुए अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि वहां कक्षाओं में बेंच नहीं हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आदिवासी लड़कियों के नहाने की जगह पर छत और दरवाजे नहीं हैं।
सोशल मीडिया पर क्या आरोप लगाए?
अभिजीत दीपके का आरोप है कि प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ी पोस्ट को बढ़ावा दिया जा रहा है। उनके मुताबिक दूसरे नेताओं और दलों की आलोचना वाली सामग्री रोकी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जनवरी से जून के बीच 50 लाख से ज्यादा इंस्टाग्राम पोस्ट हटाई गईं।
सौरभ दास को विदेश जाने से क्यों रोका गया?
अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि सरकार ने CJP सह-संयोजक सौरभ दास को लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी जाने से रोका। उन्होंने इसे जलन से उठाया गया कदम बताया। अभिजीत दीपके ने बताया कि आशुतोष रांका और सौरभ दास को ब्रिटेन आने का न्योता मिला था। तय हुआ था कि सौरभ दास लंदन जाएंगे, जबकि अभिजीत और आशुतोष रांका महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में सूखे के हालात देखने जाएंगे। अभिजीत दीपके के मुताबिक सौरभ दास को एयरपोर्ट पर रोक दिया गया। सौरभ दास ने बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में इस कार्रवाई को चुनौती दी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि दास को पासपोर्ट में जन्म स्थान से जुड़ी गड़बड़ियों पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें: 'ट्रंप के साथ ज्ञानेश कुमार ऐसा नहीं होने देते..,' US चुनाव पर मजे ले रही CJP
प्रकाश राज ने क्या कहा?
प्रकाश राज ने सरकार पर असहमति की आवाज दबाने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आवाज दबाने की कोशिशें उन्हें और बुलंद ही करेंगी। उनके मुताबिक संविधान में मिले अधिकारों की रक्षा सबकी साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर सवाल उठाने वाले युवाओं को जवाब देने के बजाय चुप कराया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों को विमान में बैठने के बाद भी विदेश यात्रा से रोके जाने की खबरों पर चिंता जताई।
इस कैंपेन का मकसद BJP को हटाना है?
प्रकाश राज ने कहा कि अभियान का मकसद भारतीय जनता पार्टी (BJP) को सत्ता से हटाना है। उन्होंने यह भी कहा कि यह आंदोलन सामान्य राजनीति का नहीं, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का है।