मुकेश अंबानी देश के सबसे रईस शख्स बन चुके हैं। बुधवार को एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 में वह टॉप पर पहुंच गए हैं। उनकी कुल संपत्ति 9.55 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई। दूसरे स्थान पर गौतम अडानी का नाम है। उनकी कुल संपत्ति 8.15 लाख करोड़ रुपये है। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में देश के 91 शहरों के 1,687 रईसों को शामिल किया गया है। अब देशभर में अरबपतियों की संख्या 358 हो चुकी है। अभिनेता शाहरुख खान 12,490 करोड़ की संपत्ति के साथ पहली बार अरबपतियों के क्लब का हिस्सा बने हैं।
2022 में गौतम अडानी हुरुन की सूची में टॉप पर थे। इसके बाद 2023 में मुकेश अंबानी ने हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में पहला स्थान हासिल किया। 2024 में गौतम अडानी दूसरी बार देश के सबसे अमीर शख्स बने। तब उनकी संपत्ति 11.6 लाख करोड़ रुपये है। मुकेश अंबानी दूसरे स्थान पर रहे। इस बीच हिंडनबर्ग का तूफान उठा। इस वजह से अडानी की संपत्ति में 30 फीसद की गिरावट आई। इससे उनकी संपत्ति 8.15 लाख करोड़ रह गई। मुकेश अंबानी की पारिवारिक संपत्ति में सिर्फ 6 फीसद की गिरावट आई है। उनकी संपत्ति 9.55 लाख करोड़ हो गई।
यह भी पढ़ें: तस्लीमा ने हिंदू धर्म को लेकर किया पोस्ट, जावेद अख्तर से हो गई बहस
एक साल में 24 अरबपति बढ़े
हुरुन लिस्ट में शामिल अमीरों की कुल संपत्ति 167 लाख करोड़ रुपये है। यह सालाना 5 फीसद की दर से बढ़ रही है। देश के लगभग 1,004 रइसों की संपत्ति या तो बढ़ी है या स्थिर रही है। 643 लोगों की संपत्ति में कमी आई है। सूची में 284 नए चेहरे शामिल हुए हैं। देश में एक साल में 24 अरबपति बढ़े है।
एचसीएल टेक की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा देश की सबसे अमीर महिला हैं। उनकी कुल संपत्ति 2.84 लाख करोड़ रुपये है। मुकेश अंबानी और गौतम अडानी के बाद सूची में रोशनी का नाम तीसरे स्थान पर है। टॉप थ्री में जगह बनाने वाली रोशनी देश की पहली महिला बन गई हैं। रिच लिस्ट में कुल 101 महिलाएं शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: 2025 में दोबारा बढ़ा सरकारी कर्मचारियों का DA, इस बार 3% की बढ़ोतरी
अरविंद श्रीनिवास सबसे युवा अरबपति
हुरुन रिच लिस्ट में शून्य से शिखर तक पहुंचने वाले 1,115 युवा शामिल है। पेरप्लेक्सिटी के फाउंडर 31 वर्षीय अरविंद श्रीनिवास के पास कुल 21,900 करोड़ की संपत्ति है। वह भारत के सबसे युवा अरबपति बने हैं। जेप्टो के कैवल्य वोहरा (22) और को-फाउंडर आदित पालिचा दूसरे सबसे कम उम्र के रईस है। पेटीएम के शेयर वैल्यू में 124 फीसद इजाफे का फायदा विजय शेखर शर्मा को मिला है। उनकी कुल संपत्ति 15,930 करोड़ हो चुकी है। अब वह अरबपति की श्रेणी में आ चुके हैं। देश में सबसे अधिक अरबपति मुंबई में रहते हैं। 451 अरबपतियों के साथ मुंबई पहले, 223 के साथ दिल्ली दूसरे और 116 अरबपतियों के साथ बेंगलुरु तीसरे स्थान पर है।