भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज यानी 7 जुलाई को महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, बिहार, झारखंड, राजस्थान, पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है। पिछले एक हफ्ते में कई राज्यों में भारी बारिश के कारण तबाही भी देखने को मिली और मौसम विभाग ने मौसम चेतावनी जारी करते हुए कई जगहों पर अलर्ट भी जारी कर दिया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह भी दे दी है।
मॉनसून का सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में देखने को मिल रहा है। मुंबई, ठाणे, पुणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और कोंकण क्षेत्र के कई हिस्सों में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जगह जलभराव की स्थिति बनी, सड़क यातायात प्रभावित हुआ और निचले इलाकों में पानी भर गया। कई सड़कें पूरी तरह बंद हो चुकी हैं और ट्रेन सेवाएं भी बाधित हुई हैं। महाराष्ट्र में बारिश से संबंधित घटनाओं के कारण अब तक 10 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी मुंबई में भी तेज बारिश और खराब मौसम को देखते हुए कई स्थानों पर आवाजाही प्रभावित रही, जबकि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
यह भी पढ़ें: EV चार्जिंग स्टेशन के मामले में फिसड्डी है भारत, कहां हो रही चूक?

आज कैसा रहेगा मौसम?
महाराष्ट्र के लिए मौसम विभाग ने पहले ही 3 से 7 जुलाई के बीच कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई थी। विभाग के अनुसार, विदर्भ के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ अत्यधिक बारिश हो सकती है, जबकि मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी कई इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। पुणे और आसपास के क्षेत्रों में भी लगातार बारिश के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर पानी भरने के कारण ट्रैफिक ठप पड़ गया है। वहीं मुंबई औ आसपास के जिलों में बारिश के चलते स्कूल, कॉलेज बंद कर दिए हैं।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं। तेज हवाओं के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हरियाणा में भी अलर्ट
उत्तर भारत की बात करें तो हरियाणा में मॉनसून देर से आया लेकिन अब इसने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने हरियाणा में 9 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ईस दौरान कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है जिसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। गुरुग्राम समेत कई जिलों में बारिश के कारण जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मंडी सहित कई जिलों में भी बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। हिमाचल में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
यूपी, बिहार में मौसम कैसा रहेगा?
उत्तर प्रदेश और बिहार में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। बिहार के भी कई हिस्सों में बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों के संवेदनशील जिलों में मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
यह भी पढ़ें: पुराने तेवर के साथ 'राम रक्षा आंदोलन' कर रहे उद्धव, मिलेगी खोई सियासी जमीन?
अन्य राज्यों का हाल
आज कई अन्य राज्यों में भी मौसम की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। गुजरात और दक्षिण गुजरात क्षेत्र में कुछ स्थानों पर, कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही झारखंड में भी मॉनसून सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान देश के 21 राज्यों में कहीं-कहीं गरज-चमक, बिजली गिरने और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान शेयर किया है।