देश की राजधानी दिल्ली में आतंकी हमले का खतरा मंडरा रहा है। खुफिया एजेंसी से मिले इनपुट के बाद हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। शहर के संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
दिल्ली की प्रमुख सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई है। वाहनों की गहन जांच की जा रही है। इस बीच बीजेपी मुख्यालय समेत कई सरकारी इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है।
न्यूज एजेंसी पीटीई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को मध्य दिल्ली में आत्मघाती हमलों, आईईडी धमाका, फायरिंग और अहम दफ्तरों व भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने से जुड़ा अलर्ट जारी किया गया है। संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें: हॉलीवुड में छाने को तैयार दिशा पाटनी, फिल्म 'द पोर्टल ऑफ फोर्स' का ट्रेलर रिलीज
खुफिया इनपुट मिलने के बाद दिल्ली पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। इसके अलावा बम निरोधक दस्ते, दमकल विभाग और श्वान दस्ते व रैपिड रिस्पॉन्स टीमों को सतर्क करने को कहा गया है। अहम सरकारी इमारतों, सियासी दलों के दफ्तरों, बाजारों, ट्रांसपोर्ट सेंटर और भीड़भाड़ वाली जगहों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: इंतजार खत्म, कल 10 बजे शपथ लेंगे विजय; 3 दिन में साबित करना होगा बहुमत
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में पुलिस औचक जांच के अलावा वेरिफिकेशन अभियान चला रही है। पूरे शहर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी स्थिति पर नजर बना रखी है।
सभी जिला यूनिटों को सतर्क करने और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। पुलिस को संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस वस्तुओं और खड़ी गाड़ियों पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है।