भारत से फरार मोहम्मद मोजिन को सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (
CBI
) के अधिकारी दुबई से पकड़कर भारत लाने में कामयाब हो गए हैं। मोजिन, छत्रपति संभाजीनगर का रहना वाला है। 32 साल की उम्र में उसने 14 महिलाओं के साथ धोखाधड़ी की और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) फरार हो गया।
मोहम्मद मोजिन पर शादी का झूठा वादा करके 14 महिलाओं का यौन और आर्थिक शोषण करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक उसने एक महिला से 18 लाख रुपये की ठगी की।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय (MEA), गृह मंत्रालय (MHA) और महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर 20 नवंबर को उसका डिपोर्टेशन करवाया। इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर UAE के अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार किया था।
यह भी पढ़ें: मोतिहारी: 50 हजार की रिश्वत लेते डाक अधीक्षक गिरफ्तार, CBI ने रंगे हाथ पकड़ा
पिछले साल देश छोड़कर भागा था आरोपी
CBI के मुताबिक मोहम्मद मोजिन पिछले साल भारत से फरार हो गया था। उससे पहले सिटी चौक पुलिस थाने में एक महिला की शिकायत पर उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था।
महिला ने आरोप लगाया था कि मोजिन ने शादी का वादा किया, उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उससे पैसे लिए।
जांच में सामने आईं और पीड़िता
जांच के दौरान सिटी चौक पुलिस को पता चला कि आरोपी ने कई और महिलाओं को इसी तरीके से ठगा है। दो और पीड़िताएं सामने आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोजिन ने शादी के झूठे वादे पर उनसे पैसे लिए। उन्होंने यौन शोषण का आरोप नहीं लगाया। पुलिस ने इन दोनों के बयान दर्ज किए। इन बयानों को मामले को मजबूत करने के लिए जांच का हिस्सा बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: झारखंड: 'सरकार की विफलता से गई निशा भगत की जान', पिता ने की CBI जांच की मांग
इंटरपोल के जरिए ऐसे हुई वापसी
एक वरिष्ठ IPS अधिकारी ने बताया कि आरोपी के विदेश भागने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने नई दिल्ली में CBI के राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो (NCB) से संपर्क किया। उसने इंटरपोल की मदद मांगी। इसके बाद आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ।इस नोटिस पर कार्रवाई करते हुए UAE के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
कोच्चि एयरपोर्ट पहुंचा, अब पुलिस की हिरासत में
जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद UAE के अधिकारियों ने उसे भारत भेजने की मंजूरी दी। महाराष्ट्र पुलिस की एक एस्कॉर्ट टीम UAE गई और आरोपी को अपनी हिरासत में लिया।
टीम आरोपी के साथ 20 नवंबर को कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची। उसे छत्रपति संभाजीनगर लाया गया और आगे की जांच के लिए संबंधित थाने को सौंप दिया गया।