त्योहारी सीजन खत्म हो चुका है। इस दौरान उत्तर रेलवे ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उत्तर रेलवे ने 2026 के पूजा और त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ का प्रबंधन करते हुए लगभग 1.82 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया। उत्तर रेलवे ने इस साल अपनी रणनीतिक क्षमता में बढ़ोतरी, स्पेशल ट्रेनों के विस्तारित फेरे, अतिरिक्त कोचों के संयोजन (ऑगमेंटेशन) और यात्री मांग की निरंतर निगरानी के माध्यम से यह सफलता हासिल की है।
ऐसे में इस जोन ने पिछले साल अपने परिचालन मानदंडों से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है। अन्य क्षेत्रीय रेलों (जोनल रेलवे) के साथ समन्वय करते हुए, उत्तर रेलवे ने 2025 की त्योहारी अवधि की तुलना में अपनी सेवाओं में इस साल उल्लेखनीय विस्तार किया है। इस साल स्पेशल ट्रेनों के परिचालन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
उत्तर रेलवे और समन्वयक क्षेत्रीय रेलों ने 2026 के त्योहारी सीजन के दौरान विशेष रेलगाड़ियों के 7,085 फेरे (ट्रिप) संचालित किए हैं। पिछले साल इसी अवधि के दौरान संचालित 4,666 फेरों की तुलना में एक बड़ी बढ़ोतरी है। त्योहारी भीड़ को कम करने के लिए प्रतिदिन औसतन लगभग 54 अतिरिक्त विशेष ट्रेन फेरे संचालित किए गए।
यह भी पढ़ें: अब 60 नहीं 45 दिन पहले ही करवा पाएंगे टिकट! रेलवे कर रहा बदलाव की तैयारी
लगभग 1.82 करोड़ यात्रियों को यात्रा सुविधा
नियमित और विशेष सेवाओं के जरिये कुल यात्री संख्या लगभग 1.82 करोड़ तक पहुंच गई, जो पिछले साल के 1.72 करोड़ की तुलना में लगभग 10 लाख यात्रियों की समग्र वृद्धि दर्शाती है। वहीं, दैनिक यात्री प्रबंधन लगभग 3.91 लाख से बढ़कर 4.14 लाख यात्री प्रतिदिन हो गया, जिससे प्रतिदिन लगभग 22,700 अतिरिक्त यात्रियों को सुविधा मिली।
नियमित ट्रेनों से कितने यात्रियों ने यात्रा की?
कुल यात्रियों में से लगभग 1.66 करोड़ यात्रियों ने नियमित रेल सेवाओं के माध्यम से यात्रा की, जबकि 12.83 लाख यात्रियों को विशेष 'ट्रेन ऑन डिमांड' (TOD) सेवाओं के माध्यम से गंतव्य तक पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे हैं? जाने से पहले जान लें काम की बात
कोच संयोजन में 372 फीसदी का इजाफा
अधिक मांग वाले मार्गों पर क्षमता को अधिकतम करने के लिए, उत्तर रेलवे ने त्योहारी अवधि के दौरान नियमित रेलगाड़ियों में 581 अतिरिक्त कोच जोड़े, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान 123 कोच जोड़े गए थे, जो लगभग 372% की बढ़ोतरी है।