logo

मूड

ट्रेंडिंग:

शुरू हुआ जेवर एयरपोर्ट, जमीन देने वाले किसानों को लेकर लखनऊ पहुंची पहली फ्लाइट

नोएडा एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट लखनऊ पहुंची और इस फ्लाइट में वे लोग सवार हुए जिनकी जमीनें लेकर यह एयरपोर्ट बनाया गया है। सोमवार को ही पहली फ्लाइट लखनऊ से जेवर आई।

ram mohan naidu at jewar airport

एयरपोर्ट पर अधिकारियों के साथ मौजूद मंत्री राममोहन नायडू, Photo Credit: ChatGPT

भारत में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में बना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यानी जेवर एयरपोर्ट अब चालू हो गया है। सोमवार को पहली फ्लाइट लखनऊ से जेवर एयरपोर्ट आई और फिर एक फ्लाइट जेवर से लखनऊ के लिए रवाना हुई। जेवर से लिए लखनऊ के लिए गई फ्लाइट में ऐसे किसान परिवारों के लोग शामिल थे जिनकी जमीनें लेकर यह एयरपोर्ट बनाया गया है। इस मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू जेवर एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से उड़ने वाली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाई।

 

इंडिगो की पहली फ्लाइट चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, लखनऊ से सुबह 7 बजकर 12 मिनट पर रवाना हुई और सुबह 7 बजकर 58 मिनट पर जेवर एयरपोर्ट पर उतरी। इसके तुरंत बाद, जेवर एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट लखनऊ के लिए रवाना हुई। इस विमान में जेवर क्षेत्र के ऐसे ग्रामीण भी सवार थे, जिनकी जमीन राज्य सरकार ने हवाई अड्डे के पहले चरण के विकास के लिए अधिग्रहीत की थी। बता दें कि यह जेवर स्थित इस नई परियोजना पर फ्लाइट ऑपरेशन की औपचारिक शुरुआत का संकेत है। यह परियोजना पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और देश के अन्य हिस्सों के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से विकसित की गई है।

 

यह भी पढ़ें: 11 एयरपोर्ट पर 10 रुपये में मिलेगी चाय, जानिए उड़ान यात्री कैफे की खूबियां

जेवर से लखनऊ की पहली फ्लाइट

जेवर से लखनऊ की पहली उड़ान सुबह करीब 8 बजकर 19 मिनट पर रवाना हुई, जिसमें जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राकेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि नई हवाई सेवा से व्यापार यात्रियों, छात्रों, पेशेवरों और आम यात्रियों को लाभ होगा और क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे को एक ‘मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब’ के तौर पर विकसित किया गया है जहां हवाई, सड़क और अन्य परिवहन साधनों से संपर्क की सुविधा है।

आगे का प्लान

आने वाले समय में पहले तो इस एयरपोर्ट से देश के तमाम शहरों को जोड़ा जाएगा और कुछ समय के बाद यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू हो जाएंगी। कुछ ही समय में इंडिगो यहां से हैदराबाद, अमृतसर, चंड़ीगढ़ और जयपुर समेत कुल 16 शहरों के लिए फ्लाइट शुरू करने की योजना बना रहा है।

 

यह भी पढ़ें: NCPI क्या है? जिसमें शामिल हुए हैं TMC के 20 बागी सांसद

 

बता दें कि 1334 हेक्टेयर क्षेत्रफल पर बन रहे इस एयरपोर्ट का पहला फेज ही अभी पूरा हुआ है। वर्तमान क्षमता 1.2 करोड़ यात्री सालाना की है जिसे आगे बढ़ाकर 22.50 करोड़ तक पहुंचाना है। चार फेज में बन रहे इस एयरपोर्ट पर कुल 5 रनवे बनाए जाने हैं और इसे कार्गो वाले कामगाज के लिए और मजबूत किया जाना है। 

Related Topic:#jewar airport

और पढ़ें