भारतीय रेलवे इस समय अपनी पूरी क्षमता से ट्रेनों का संचालन कर रहा है। पॉपुलर ट्रेनों के अलावा दर्जनों स्पेशल ट्रेनें भी अलग-अलग रेलवे स्टेशनों से चलाई जा रही हैं। गुरुवार यानी 12 नवंबर को अकेले दिल्ली से 31 स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इनमें से 9 स्पेशल ट्रेनें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलाई जा रही हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बीच एक अजीब पैटर्न देखने को मिल रहा है। यात्री स्पेशल ट्रेनों से यात्रा करने से बच रहे हैं, लेकिन पॉपुलर ट्रेनों में ठूंसकर अपने घर को जा रहे हैं। रेलवे की ओर से अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किए जाने के बावजूद यात्री नियमित ट्रेनों में सफर करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से बिहार के राजेंद्र नगर जाने वाली ट्रेन संख्या 12393 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में यात्री स्लीपर कोच में जनरल कोच की तरह चढ़ गए। भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। प्लेटफॉर्म संख्या 16 पर सुरक्षा व्यवस्था भी तैनात रही, लेकिन इसके बावजूद यात्री संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में सवार हो गए।
यही हाल प्लेटफॉर्म संख्या 14 से चलने वाली पूर्व एक्सप्रेस में भी देखने को मिला। इस ट्रेन में भी बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। स्लीपर कोच में लोग सीटों के अलावा कोच में खड़े दिखाई दिए। कुछ यात्री गेट पर भी बैठे हुए थे।

यह भी पढ़ें: छठ पर रेलवे चलाएगा स्पेशल ट्रेनें, दिल्ली से आज 31 और कल 29 ट्रेनें रवाना होंगी
स्पेशल ट्रेनों में कम दिखाई दी भीड़
दिल्ली से बेगूसराय के बरौनी जाने वाली स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की संख्या संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और पूर्व एक्सप्रेस के मुकाबले कम थी। इस ट्रेन के स्लीपर कोच में यात्री अपनी सीटों पर बैठे दिखाई दिए। यही हाल दिल्ली से बिहार की राजधानी पटना जाने वाली एक अन्य स्पेशल ट्रेन में भी देखने को मिला।

स्टेशन पर अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे एक यात्री ने बताया कि लोग स्पेशल ट्रेनों में जाने से बचते हैं, क्योंकि उन्हें इन ट्रेनों के लेट होने का डर रहता है। एक अन्य यात्री ने बताया कि बड़ी ट्रेनें अपने समय से चलती हैं। ये हर स्टेशन पर कम रुकती हैं और यात्रियों को तय समय पर उनके घर पहुंचा देती हैं। वहीं, स्पेशल ट्रेनें देरी से चलती हैं। यही वजह है कि यात्री स्पेशल ट्रेनों के बजाय बड़ी और पॉपुलर ट्रेनों में सफर करना पसंद करते हैं।
यह भी पढ़ें: ट्रेन से करते हैं रोज सफर? ये 5 टिप्स आपकी यात्रा बना देंगी आसान
स्पेशल ट्रेन-पॉपुलर ट्रेन के बीच का अंतर
त्योहारों और छुट्टियों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे स्पेशल ट्रेनें चलाता है। यात्रियों की संख्या के हिसाब से इनमें अतिरिक्त कोच भी लगाए जाते हैं। हालांकि, पिछले कुछ समय में देखा गया है कि स्पेशल ट्रेनें अक्सर देरी से चलती हैं और इनमें भी काफी भीड़ रहती है। वहीं, पॉपुलर ट्रेनें ऐसी नियमित ट्रेनें होती हैं, जिनमें यात्रियों की मांग ज्यादा रहती है। उदाहरण के तौर पर राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और मगध एक्सप्रेस को देखा जा सकता है।