कांग्रेस की लोकसभा सांसद
प्रियंका गांधी
वाड्रा ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद शुद्धिकरण को लेकर प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा है। प्रयंका ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई जाए और SC/ST एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए।
प्रियंका गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि 8 अगस्त को खड़गे के रामलीला मैदान में भाषण देने के बाद मंच का शुद्धिकरण किया गया। उन्होंने इसे संविधान और SC/ST एक्ट का गंभीर उल्लंघन बताया। प्रियंका ने सवाल किया कि घटना के करीब 20 दिन बाद भी इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें: शुद्धीकरण विवाद ने कैसे कांग्रेस को सियासी मौका दे दिया? नए हंगामे की पूरी कहानी
प्रियंका ने PM मोदी से क्या कहा?
प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वास्तव में संविधान का सम्मान करते हैं तो उन्हें उत्तराखंड में शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज कराने और SC/ST एक्ट के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने इस घटना को दलितों के सम्मान और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया। प्रियंका ने अपने पोस्ट में
राहुल गांधी
की उस प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो भी शेयर किया जिसमें उन्होंने भी इस मामले में FIR दर्ज करने की मांग की थी।
राहुल गांधी ने BJP-RSS पर साधा निशाना
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया था कि मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद मंच का शुद्धिकरण किया जाना BJP-RSS की मानसिकता को दिखाता है। उन्होंने इसे छुआछूत से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग की। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे को न्याय दिलाना केंद्र और राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि BJP की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने शुद्धिकरण का बचाव किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी इस मुद्दे पर चुप हैं।
यह भी पढ़ें: CBG के दाम 43% बढ़े, CNG-PNG पर फिर भी असर क्यों नहीं? समझिए खेल
पूरा मामला क्या है?
यह शुद्धिकरण 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुआ था। उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि श्री राम सेना ने यह आयोजन किया और उसका संबंध BJP से है। BJP ने इस आरोप को खारिज किया है। मामला संसद में भी उठ चुका है। खड़गे ने राज्यसभा में कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की थी। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा था कि BJP ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती और मामले की जांच कराई जाएगी।