मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन हुआ। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे कई प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रदर्शन का आयोजन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की दिल्ली इकाई ने अन्य नागरिक एवं सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर किया था। इंडियन यूथ कांग्रेस भी लगातार प्रदर्शन कर रही है और शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने रायसीना रोड से जंतर-मंतर तक मार्च किया। जंतर-मंतर पहुंचने के बाद प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
पुलिस ने जंतर-मंतर पर बैरिगेडिंग की थी और किसी भी प्रदर्शनकारी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं दी। पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए पहले अनुमति लेनी होती है लेकिन प्रदर्शनकारियों के पास प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं थी। इसलिए पुलिस तमाम प्रदर्शनकारियों को लगातार वहां से हटा रही थी।
यह भी पढ़ें: 'जालीदार टोपी पहन, 5 बार नमाज पढ़ते हैं', अखिलेश यादव पर OP राजभर का नया दावा
कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
PTI की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा समेत कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। CPI(ML) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव को भी हिरासत में लिया गया है। उन्होंने अपने सोशलम मीडिया अकाउंट पर इसकी तस्वीरें भी पोस्ट की हैं।
जंतर-मंतर पर पुलिस तैनात
जंतर-मंतर पर जाने वाले मुख्य रास्तों पर पुलिस ने बैरिकेड लगाए थे और बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए थे। प्रदर्शनकारियों को विरोध स्थल तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई थी। जंतर-मंतर के बाहर ही पुलिस की बस खड़ी हुई थी और जो भी प्रदर्शनकारी वहां पहुंचता उसे डिटेन कर लिया जाता। पुलिस ने जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया और कुछ प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड के पीछे रोक दिया गया।
पुलिस ने क्या कहा?
प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने पर दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन के लिए आयोजकों ने अनुमति नहीं ली थी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, प्रदर्शन के लिए कोई आवेदन नहीं दिया गया था और अनुमति भी नहीं ली गई थी। अधिकारी ने कहा कि ऐसे में प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया जा रहा था।
यह भी पढ़ें: बढ़नी-जालंधर और गोरखपुर-शकूर बस्ती तक चलेगी स्पेशल ट्रेन, यहां देखें शेड्यूल
देशभर में प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में आज प्रदर्शन हो रहे हैं। यह प्रदर्शन
SIR
को लेकर चुनाव आयोग के भीतर कथित मतभेदों की रिपोर्ट सामने आने के बाद शुरू हुए हैं। आज कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन किया। जम्मू-कश्मीर, असम, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और मणिपुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। बिहार और चंडीगढ़ में तो पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।