एक संयुक्त हवाई हमले में अमेरिका आर इजरायल ने ईरान के सुप्रीम नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या कर दी। खामेनेई की मौत के बाद ईरान सहित भारत में जोरदार प्रदर्शन हो रहे हैं। इसके विरोध में कश्मीर के कई हिस्सों में सोमवार को दूसरे दिन भी प्रदर्शन जारी रहे। ऐसे में प्रदर्शन कर रहे लोगों को तितर-बितर करने के लिए राज्य पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर कश्मीर के सभी जिलों में कई पाबंदियां लगाई गई हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, श्रीनगर के बेमिना, गुंड हसीभट और जहांगीर चौक इलाकों में और दक्षिण कश्मीर के पुलवामा कस्बे में विरोध-प्रदर्शन भड़क उठे। शिया बहुल इलाकों में सैकड़ों प्रदर्शनकारी जमा हुए। उन्होंने सड़कों पर मार्च किया और अमेरिका-इजराइल के विरोध में नारेबाजी की।
यह भी पढ़ें: '10 बजे फ्लाइट थी अब कैंसिल...', मिडिल ईस्ट संकट के बीच एयरपोर्ट पर फंसे यात्री
लोगों की आवाजाही पर बैन
इसके अलावा पुलिस ने उन इलाकों में लोगों की आवाजाही पर बैन लगा दिए जहां खामेनेई की मौत के विरोध में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए। अधिकारियों ने बताया कि लाल चौक स्थित घंटाघर को चारों ओर अवरोधक लगाकर बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों को जुटने से रोकने के लिए पूरे शहर में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बल सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है।
कश्मीर में 15 लाख शिया आबादी
एक अधिकारी ने बताया कि कश्मीर में लगभग 15 लाख शिया आबादी है। खामेनेई के मौत के खिलाफ लाल चौक, सैदा कदल, बडगाम, बांदीपोरा, अनंतनाग और पुलवामा में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन देखे गए। प्रदर्शनकारियों को छाती पीटकर मातम मनाते और अमेरिका-इजरायल विरोधी नारे लगाते देखा गया।
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट संकट का असर, दिल्ली एयरपोर्ट पर 100 उड़ानें कैंसिल
एहतियात के तौर पर लगाई गईं पाबंदियां
अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर पाबंदियां लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि महत्वपूर्ण चौराहों पर कटीले तार और अवरोधक लगाए गए हैं। घाटी के अन्य जिलों के शिया बहुल इलाकों में भी इसी तरह की पाबंदियां लागू की गई हैं। साथ ही प्रशासन ने प्रदर्शनों के मद्देनजर सोमवार को कश्मीर भर में मोबाइल इंटरनेट की गति धीमी कर दी गई।
ईरान के सरकारी मीडिया ने रविवार को तड़के पुष्टि की कि इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत हो गई। ईरान जवाबी कार्रवाई में इजराइल, कतर, यूएई, सउदी अरब सहित अन्य अरब देशों पर मिसाइलें दाग रहा है।